रतलाम 16 फरवरी 2023/ नगरीय क्षेत्रो में जर्जर हो रही सड़को के मरम्मत व जीर्णोद्धार के लिए शासन ने जावरा विधानसभा क्षेत्र को तीन करोड़ रु की सौगात दी है। विधायक डा. पाण्डे ने विकास यात्रा के दौरान जानकारी दी है।
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने बताया कि उनके द्वारा विधानसभा क्षेत्र के दोनों नगरीय क्षेत्रों जावरा व पिपलौदा में आंतरिक मार्गो व प्रमुख सड़क मार्गो के मरम्मत व जीर्णोद्धार करने व निर्माण करने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान व नगरीय प्रशासन मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह से आग्रह किया था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कायाकल्प अभियान की घोषणा की जिसके तहत नगरों की सड़कों के नवीनीकरण व मजबूतीकरण के लिए राशि स्वीकृत की गई।
मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह द्वारा विधायक डॉ. पाण्डेय को सूचित किया गया कि जावरा नगर हेतु ढाई करोड़ रु एवं पिपलोदा नगर हेतु 50 लाख रु की राशि स्वीकृत की गई है। डॉ. पाण्डेय ने इस स्वीकृति पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों ही नगरीय क्षेत्रों में विकास के सपने को पूर्ण करने के संकल्प को प्रदेश सरकार पूरा करने का प्रयास कर रही है। आपने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री श्री चौहान व मंत्री श्री सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।