सफलता की गूँज : जैन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई 12वीं में गाड़े सफलता के झंडे
Raj Kumar Luniya
Thu, May 14, 2026केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में शहर के प्रतिष्ठित जैन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय और शहर का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शानदार रहा, जिसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न संकायों में उच्च अंक अर्जित किए हैं।
प्रियांशी ने अकाउंटेंसी में रचा इतिहास
विद्यालय की छात्रा प्रियांशी गुप्ता ने कॉमर्स संकाय में 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। प्रियांशी की इस सफलता में सबसे विशेष उपलब्धि उनकी अकाउंटेंसी विषय में रही, जहां उन्होंने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर अपनी विषयगत दक्षता का परिचय दिया।
विज्ञान संकाय में भी रहा दबदबा
कॉमर्स के साथ-साथ विज्ञान संकाय (PCM) में भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। छात्रा कृति बैरागी ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इसके अलावा दरहील छाजेड और यक्षिता देवड़ा ने भी 90-90 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया।
सफलता का आधार: समर्पण और मार्गदर्शन
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती जागृति पौराणिक ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि जैन पब्लिक स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं पर विशेष और व्यक्तिगत ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समर्पित मार्गदर्शन और स्कूल का सुरक्षित व शैक्षणिक वातावरण ही इस निरंतर सफलता का आधार है।
विद्यालय प्रबंधन ने इस गौरवमयी उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के निरंतर सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। प्रबंधन और शिक्षक स्टाफ ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन