नन्हीं सी झानवी ने फिर रचा इतिहास : केंद्रीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री ने की सराहना
Raj Kumar Luniya
Tue, May 5, 2026
एक सिद्ध कलाकार के घर में जब उसकी महज 3 वर्ष 11 माह की बेटी एक अनूठी कला के क्षेत्र में पारंगत होकर दो-दो बार विश्व रिकॉर्ड हासिल कर ले, तो इसे मां सरस्वती का आशीर्वाद ही माना जाएगा। रतलाम शहर के 28 वर्षीय नरेंद्र सोनी, जो अपने हुनर (काष्ठ शिल्प) में पारंगत हैं और विभिन्न प्रकार की हस्तनिर्मित कलाकृतियां निर्मित करते हैं, उनके हाथों की जादुई कला देखकर लोगों का अचरज में पड़ जाना स्वाभाविक है। जो रचना नरेंद्र सोनी तैयार करते हैं, वह जैसे मुंह बोल उठती है। लेकिन इस छोटी सी उम्र में नरेंद्र ने जो महारथ हासिल की, उससे कई गुना ज्यादा उनकी नन्हीं सी बेटी झानवी ने महारथ हासिल करते हुए महज 8 महीने में 2 बार विश्व रिकॉर्ड बनाया है। झानवी ने न सिर्फ परिवार का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे शहर और प्रदेश में ख्याति अर्जित की है।
हनुमान चालीसा के बाद अब शिव तांडव स्तोत्रम में कमाल : यह वही झानवी है जिसने बीते 1 सितंबर को महज 2 मिनट 40 सेकंड में संपूर्ण हनुमान चालीसा का पाठ बगैर रुके कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। अपनी दादी श्रीमती उर्मिला देवी सोनी के अथक प्रयासों से झानवी ने तब अपना पहला रिकॉर्ड 'द लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' और 'द वेब वर्ल्ड रिकॉर्ड' में दर्ज कराया था।

लेकिन इस नन्हीं परी का कला प्रदर्शन यहीं नहीं रुका। अपनी मां जया सोनी के पदचिन्हों पर चलते हुए झानवी ने वह कर दिखाया जो बड़े से बड़े विद्वान भी बमुश्किल कर पाते हैं। वह कठिन साधना है—शिव तांडव स्तोत्रम। जिसका शुद्ध उच्चारण करने में अच्छे-अच्छे विद्वानों के पसीने छूट जाते हैं, उसे झानवी की मां जया सोनी ने उसे महज 2 महीने में कंठस्थ याद करा दिया। जब झानवी ने विश्व रिकॉर्ड की टीम के समक्ष शिव तांडव स्तोत्रम का पाठ बगैर अटके सुनाया, तो ज्यूरी मेंबर्स ने भी दांतों तले उंगली दबा ली।
भोपाल में केंद्रीय मंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने की सराहना : आखिरकार, 'वेब वर्ल्ड रिकॉर्ड', 'लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' और 'वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड' की ओर से नन्हीं बिटिया झानवी को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित अपने निवास पर तीनों रिकॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने झानवी की इस अद्भुत प्रतिभा की सराहना की और उसे उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
इसके साथ-साथ, प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी झानवी की इस विशिष्ट उपलब्धि से प्रभावित होकर उसे अपनी गोद में बिठाया, दुलार किया और आशीर्वाद स्वरूप नकद राशि प्रदान की। इस दौरान झानवी के पिता नरेंद्र सोनी, मां जया सोनी, वरिष्ठ पत्रकार रमेश सोनी, समाजसेवी एवं वेब वर्ल्ड रिकॉर्ड के ज्यूरी मेंबर शैलेंद्र सिंह सिसौदिया तथा 'आज हम आ गए' सोशल मीडिया पेज के मीडिया प्रभारी हर्ष जैन, श्रेया पालीवाल, कमलेश विश्वकर्मा और अजय सिंह उपस्थित थे।
झानवी की इन अभूतपूर्व उपलब्धियों को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही उसे 'लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' की ओर से भी वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रदान किया जा सकता है।
इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे झानवी सोनी ने इतनी कम उम्र में हनुमान चालीसा का पाठ कर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
Tags :
वेब वर्ल्ड रिकॉर्ड
लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉ
विज्ञापन
विज्ञापन