पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग : 1 मई को भोपाल में जुटेंगे प्रदेशभर के पत्रकार, रतलाम से भी बड़ी संख्या में शामिल होने की तैयारी
Raj Kumar Luniya
Fri, Apr 24, 2026
मध्यप्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग अब तेज हो गई है। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के तत्वावधान में प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में आगामी 1 मई 2026, मजदूर दिवस पर भोपाल में एक विशाल महारैली और प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन के माध्यम से सरकार पर पत्रकार सुरक्षा कानून को जल्द से जल्द लागू करने का दबाव बनाया जाएगा।
ऑनलाइन सदस्यता समिति के प्रदेश संयोजक शरद जोशी, प्रदेश सचिव भेरूलाल टांक, संभाग अध्यक्ष प्रीति पाल सिंह राणा, महामंत्री विजय मीणा, जिला अध्यक्ष राजेश जैन और महामंत्री दिनेश दवे ने बताया कि इस महारैली में प्रदेश के सभी जिलों, तहसीलों और आंचलिक क्षेत्रों से हजारों पत्रकार हिस्सा लेंगे। अकेले रतलाम जिले से 250 से अधिक सदस्यों के भोपाल पहुंचने की संभावना है।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, वर्तमान समय में पत्रकारों के साथ बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा कानून लागू होना नितांत आवश्यक है। संगठन लंबे समय से इसके लिए संघर्ष कर रहा है। 1 मई का प्रदर्शन इस मांग को पूरा कराने की दिशा में निर्णायक साबित होगा। भारी संख्या बल के जरिए सरकार को कानून लागू करने के लिए विवश किया जाएगा।
रतलाम जिले के सभी पदाधिकारियों और ब्लॉक प्रभारियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकें कर भोपाल जाने की रणनीति तैयार करें। पत्रकार साथी ट्रेन या निजी वाहनों के माध्यम से भोपाल पहुंचेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि यह पत्रकारों के अस्तित्व की लड़ाई है, जिसे एकजुटता और समर्पण के साथ ही जीता जा सकता है।
Tags :
पत्रकार सुरक्षा कानून
श्रमजीवी पत्रकार संघ
विज्ञापन
विज्ञापन