भोपाल में पत्रकारों का जंगी प्रदर्शन : सीएम बोले ; कैबिनेट में रखेंगे पत्रकार सुरक्षा कानून का प्रस्ताव : Video
Raj Kumar Luniya
Sun, May 3, 2026
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के आह्वान पर अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भोपाल में पत्रकारों का एक विशाल और जंगी प्रदर्शन हुआ। प्रदेश में जल्द से जल्द 'पत्रकार सुरक्षा कानून' लागू करने की मांग को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में रतलाम, मंदसौर और नीमच सहित प्रदेशभर के सैकड़ों पत्रकार शामिल हुए। चिलचिलाती धूप और 44 डिग्री तापमान के बावजूद पत्रकारों का हौसला डिगा नहीं और उन्होंने अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए सरकार को निर्णायक भूमिका में आने पर मजबूर कर दिया।

न्यू मार्केट स्थित समन्वय भवन में आयोजित इस विशाल सम्मेलन में प्रदेशभर से आए पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने मंच से आश्वस्त किया कि सरकार सदैव पत्रकारों के साथ है। उन्होंने कहा, "जल्द ही कैबिनेट की बैठक में पत्रकार सुरक्षा कानून सहित श्रमजीवी पत्रकार संघ की अन्य मांगों का प्रस्ताव रखा जाएगा और पत्रकारों के हित में सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।" डिप्टी सीएम ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जबलपुर में हुए एक हादसे के कारण वहां जाना पड़ा, जिसके चलते वे स्वयं पत्रकारों के बीच सरकार का भरोसा लेकर पहुंचे हैं।
राजधानी की सड़कों पर गूंजे नारे, निकाली भव्य रैली : इससे पूर्व, संघ के प्रांतीय अध्यक्ष शलभ भदौरिया सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके बाद भोपाल की सड़कों पर पत्रकारों ने हाथों में तख्तियां लेकर एक भव्य रैली निकाली। पत्रकारों का स्पष्ट संदेश था।हमें अब कोरे वादे नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस निर्णय चाहिए।

मालवा अंचल से बड़ी संख्या में पहुंचे कलमकार : इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में रतलाम संभाग और मालवा क्षेत्र के पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली में प्रमुख रूप से प्रदेश सचिव भेरूलाल टांक, रतलाम संभाग अध्यक्ष प्रीतिपाल सिंह राणा, महासचिव विजय मीणा, रतलाम जिलाध्यक्ष राजेश जैन, मंदसौर जिलाध्यक्ष हेमंत जैन और नीमच जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन उपस्थित रहे। इसके अलावा रतलाम से मुबारिक शेरानी, उपेन्द्र पटोदिया, सिकंदर पटेल, प्रहलाद बारदिया, राजेंद्र सिंह चौहान सहित जावरा, आलोट, शिवगढ़, पिपलोदा एवं ग्रामीण क्षेत्रों के तमाम पदाधिकारी और सदस्य साथी इस हुंकार में शामिल हुए।
आर-पार की लड़ाई के मूड में संघ: राजेश जैन : श्रमजीवी पत्रकार संघ के रतलाम जिलाध्यक्ष राजेश जैन एवं संभागीय महासचिव विजय मीणा ने कहा कि भोपाल में उमड़े पत्रकारों के इस जनसैलाब ने यह साबित कर दिया है कि इस बार प्रदेश का कलमकार आर-पार की लड़ाई के मूड में है। पूर्व में भी सरकारों द्वारा घोषणाएं और वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कानून लागू करने में हमेशा विलंब हुआ। प्रांतीय अध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में इस बार यह आंदोलन निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है।
Tags :
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ
पत्रकार सुरक्षा कानून
जंगी प्रदर्शन
विज्ञापन
विज्ञापन