जावरा शहर थाना पुलिस ने नकबजनी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख 25 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 12 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, जनता कॉलोनी निवासी शेख मोहम्मद ने 1 अगस्त को जावरा शहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30-31 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश छत के ऊपर लगे दरवाजे का नकुचा तोड़कर घर में घुसे और सोने-चांदी के आभूषण तथा 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने जावरा शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्धों की पहचान कर अब्बास अली (33), शरीफ उर्फ शब्बु (28) और अलीशान (27) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी शरीफ उर्फ शब्बु से 1,000 रुपये, अब्बास अली से घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो एवं 1,000 रुपये तथा अलीशान से करीब 2 लाख 25 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामद आभूषणों में चैन, अंगूठी, पेंडल और पायल शामिल हैं। इस तरह पुलिस ने कुल 12 हजार रुपये नकद सहित चोरी का मशरूका बरामद किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक कुमार मंडलोई, उप निरीक्षक राकेश मेहरा, सहायक उप निरीक्षक सगीर खान सहित थाना जावरा शहर के पुलिसकर्मियों और रतलाम साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।