अवैध LNG रिफिलिंग का भंडाफोड़ : 5 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार, दो वाहन जब्त
Raj Kumar Luniya
Fri, Oct 2, 2026
औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने हसन पालिया में मलेनी नदी के किनारे निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास दबिश देकर प्रेशर वेसल टैंकर से वाहनों में अवैध रूप से अत्यंत ज्वलनशील एलएनजी गैस भरते हुए 5 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा।
पुलिस ने मौके से एलएनजी टैंकर क्रमांक GJ05CU1773, वाहन क्रमांक MH14MT4873 और अवैध रिफिलिंग में उपयोग किए जा रहे उपकरण जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुष्पक पाटील निवासी नासिक, कृष्ण मुरारी शर्मा निवासी सूरत गुजरात मूल निवासी प्रतापगढ़, निशान्त चौधरी व राहुल पाटील दोनों निवासी धुलिया महाराष्ट्र और मनोज यादव निवासी फतेहपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
खुले में बिना सुरक्षा मानकों के ज्वलनशील गैस भरने से मानव जीवन और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन