पुलिस का फ्लैग मार्च : होली और रमजान पर शांति की अपील, हुड़दंगियों को सख्त चेतावनी : Video
Raj Kumar Luniya
Mon, Mar 2, 2026
आगामी त्योहार होली, धुलेंडी, रंगपंचमी और पवित्र रमजान माह को देखते हुए रतलाम जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। शहर में शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
कालिका माता मंदिर से हुई शुरुआत : पुलिस अधीक्षक (SP) श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस मार्च की शुरुआत कालिका माता मंदिर पुलिस चौकी से हुई। मार्च शहर के विभिन्न व्यस्त चौराहों और गलियों से होकर गुजरा, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव जगाना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना था।

अधिकारियों ने जनता से किया संवाद : फ्लैग मार्च के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) श्री सत्येंद्र घनघोरिया, रक्षित निरीक्षक श्री मोहन भर्रावत सहित शहर के सभी थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने रास्ते में नागरिकों से चर्चा की और उनसे त्योहारों को भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर : पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि:
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।
अफवाह फैलाने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
सहयोग की अपील : रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस का लक्ष्य है कि सभी नागरिक बिना किसी डर के हर्षोल्लास के साथ अपने त्योहार मना सकें।
Tags :
S.P_RATLAM
DIG_RATLAM
IG_UJJAIN
HOME_DEPARTMENT_M.P
Collector_Ratlam
CM_M.P
Dgp
विज्ञापन
विज्ञापन