Crime Report : गोवंश तस्करी नाकाम, हथियारबंद बदमाश धराया, जहरीली शराब जब्त
Raj Kumar Luniya
Mon, Oct 12, 2026
जिले में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों, तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। 24 घंटों के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार, गोवंश तस्करी, अपहरण और भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी के मामले दर्ज कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है।
1. खाचरोद रोड पर गोवंश तस्करी नाकाम, 8 मवेशी छुड़ाए गए : स्टेशन रोड थाना पुलिस ने खाचरोद रोड पर गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप वाहन (क्रमांक MP-43-G-4066) से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 8 जीवित मवेशियों (कैड़े) को बरामद किया, जिन्हें वध के लिए ले जाया जा रहा था। वाहन चालक के खिलाफ गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
2. धारदार हथियार के साथ युवक गिरफ्तार : दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने शिवगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन रेलवे पुलिया के पास घेराबंदी कर 26 वर्षीय लखन कुमावत (निवासी ओसवाल नगर) को दबोचा। आरोपी के कब्जे से 28 इंच लंबा लोहे का धारदार तलवारनुमा छुरा जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
3. अपहरण के दो अलग-अलग मामले दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
औद्योगिक क्षेत्र (IA Ratlam): शक्ति नगर निवासी तुलसीराम व्यास ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके 19 वर्षीय पुत्र बबलू का संदेही शंकरलाल व उसके परिवार के लोगों ने अपहरण कर लिया है और उसे किसी गुप्त स्थान पर छिपा रखा है।
बिलपांक थाना: ग्राम सरवनी जागीर से गवरु भील (उम्र 45 वर्ष) का अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर लिए जाने पर उनकी पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
4. ताल में यूरिया मिश्रित जहरीली शराब जब्त, जिले भर में अभियान जारी
ताल पुलिस: दूधतलाई फंटा के पास मोटरसाइकिल पर 10 लीटर यूरिया युक्त जहरीली कच्ची शराब ले जा रहे राजस्थान निवासी हरपाल और अर्जुन कंजर को गिरफ्तार किया।
नामली, रिंगनोद, रावटी व बिलपांक: नामली पुलिस ने पलदुना से अवैध देसी शराब व बीयर की कैन जब्त की। रावटी में 144 क्वार्टर देसी शराब (25.92 लीटर), रिंगनोद में हाथ भट्टी की कच्ची महुवा शराब तथा बिलपांक में अवैध शराब के मामले पकड़े गए।
5. आपसी रंजिश व मारपीट की घटनाएं : नामली के ग्राम धौंसवास में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गाली-गलौज व मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस कायमी की गई। इसके अलावा कालूखेड़ा, शिवगढ़, बाजना, आलोट और पिपलौदा थाना क्षेत्रों में भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले दर्ज किए गए हैं।
6. मर्ग प्रकरण
ताल: कोट कराडिया निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की जहर (पॉइजन) खाने से मौत हो गई।
औद्योगिक क्षेत्र जावरा: हरियाखेड़ा में सर्पदंश से 23 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज रतलाम में मौत दर्ज की गई।
दीनदयाल नगर: ईश्वरनगर क्षेत्र में 36 वर्षीय युवक की अज्ञात कारणों से मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है।
Tags :
RATLAM_POLICE
विज्ञापन
विज्ञापन