महिला ने उठाया आत्मघाती कदम : डायल-112 ने अस्पताल पहुँचाकर बचाई जान
Raj Kumar Luniya
Fri, Apr 17, 2026
रतलाम जिले के जावरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नाना साहब का मोहल्ला में गुरुवार सुबह पुलिस की सजगता से एक 35 वर्षीय महिला की जान बच गई। अज्ञात कारणों से डिप्रेशन से जूझ रही महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसे डायल-112 के जवानों ने समय रहते अस्पताल पहुँचाया।
कंट्रोल रूम को मिली थी सूचना : प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को 16 अप्रैल 2026 की सुबह 10:25 बजे सूचना मिली थी कि जावरा में एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसे तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही जावरा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन (FRV) को मौके के लिए रवाना किया गया।
जवानों ने दिखाई तत्परता : घटनास्थल पर पहुँचे आरक्षक नारायण सिंह पवार एवं पायलेट मंगलेश्वर सूर्यवंशी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना वक्त गँवाए पीड़ित महिला को परिजनों के साथ अपने वाहन में बैठाया। जवानों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए महिला को तत्काल सिविल अस्पताल जावरा में भर्ती कराया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार शुरू किया गया।
अवसाद बना कारण : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला पिछले कुछ समय से अवसादग्रस्त थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस की इस मानवीय और त्वरित कार्यवाही की स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने सराहना की है।
यदि आप या आपके आसपास कोई भी व्यक्ति मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहा है, तो कृपया मदद लें। जीवन अनमोल है। सहायता के लिए स्थानीय हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
Tags :
S.P_RATLAM
RATLAM_POLICE
DIG_RATLAM
IG_UJJAIN
DGP_M.P
HOME_DEPARTMENT_M.P
विज्ञापन
विज्ञापन