पुलिस-नगर निगम का संयुक्त अभियान : सड़क से हटाया अतिक्रमण, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई
Raj Kumar Luniya
Mon, Mar 16, 2026
शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को रतलाम यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर सड़क अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के तहत रानीजी के मंदिर से घास बाजार तक पैदल पेट्रोलिंग कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा सड़क से अतिक्रमण हटवाया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) आनंद स्वरूप सोनी के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक राजशेखर वर्मा ने किया।
अभियान के दौरान सड़क के दोनों ओर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को लाइन के अंदर व्यवस्थित पार्क करने की समझाइश दी गई। वहीं दुकानदारों को दुकानों के बाहर फुटपाथ पर रखा सामान हटाने की चेतावनी दी गई, ताकि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।
इसी क्रम में चांदनी चौक क्षेत्र में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। कई वाहनों को थाना लाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सूबेदार अनोखीलाल परमार, आरक्षक भगत सिंह, आरक्षक नरेन्द्र चौरे सहित यातायात पुलिस एवं नगर निगम की टीम मौजूद रही।
अभियान रहेगा जारी : पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने और आमजन को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पुलिस की अपील : यातायात पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े न करने तथा सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है।
Tags :
S.P_RATLAM
TRAFFIC_POLICE
Municipal_corporation
विज्ञापन
विज्ञापन