एएसपी ने दी सख्त चेतावनी : चाइनीज मांझा बेचा या उपयोग किया तो होगी जेल : Video
Raj Kumar Luniya
Thu, Jan 8, 2026
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन में रतलाम पुलिस द्वारा जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के विरुद्ध व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को हाट रोड चौकी परिसर में आम नागरिकों को जागरूक करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दुष्परिणामों के प्रति किया सजग : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश खाखा ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए चाइनीज मांझे के गंभीर खतरों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह मांझा न केवल दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए जानलेवा है, बल्कि मासूम बच्चों और बेजुबान पक्षियों के लिए भी काल साबित होता है। उन्होंने अपील की कि पतंगबाजी के लिए केवल साधारण सूती (कॉटन) डोर का ही उपयोग करें।
विक्रय और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध : एएसपी श्री खाखा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि चाइनीज मांझे का विक्रय, भंडारण और उपयोग एक दंडनीय अपराध है। यदि कोई व्यापारी या व्यक्ति इसका उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य कार्रवाई करना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोककर मानव जीवन और पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ये रहे उपस्थित : इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, डीडी नगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक अनुराग यादव, चौकी प्रभारी पंकज राजपूत सहित पुलिस स्टाफ और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पुलिस ने नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा की है।
Tags :
RATLAM_POLICE
ASP_RATLAM_CITY
चाइनीज मांझा
विज्ञापन
विज्ञापन