Crime Report : अपहरण, खाकी पर हमला, काल बनी रफ्तार, तस्करों पर शिकंजा, जुए पर कार्रवाई, मौत
Raj Kumar Luniya
Thu, Oct 1, 2026
डोंगरे नगर से युवती का अपहरण: थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम अंतर्गत डोंगरे नगर निवासी ममता पंवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी मुकुल नायक ने उनकी 18 वर्षीय पुत्री का अपहरण कर लिया है और उसे किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर छिपा दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 140(3) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ झूमाझटकी व मारपीट: जावरा शहर थाना अंतर्गत महू-नीमच रोड स्थित चौपाटी चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिस आरक्षक महेश धाकड़ व यातायात अमले के साथ आरोपी राजेशसिंह चौहान (निवासी गांधी कॉलोनी) ने शासकीय कार्य में बाधा डाली, अभद्र गालियां दीं और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने धारा 132, 121(1), 296-बी, 351(3) BNS में प्रकरण दर्ज किया है।
धौंसवास फोरलेन पर दर्दनाक हादसा: नामली थाना क्षेत्र में धौंसवास के पास अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने आजाद नगर निवासी मोतीलाल जड़गामा (39 वर्ष) को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुजलाना हाईवे पर ट्रक-ट्रैक्टर भिड़ंत: बिलपांक क्षेत्र के सुजलाना मेन हाईवे पर ट्रक (TN-52-AB-2152) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
कालाखेत व रिंगनोद में सड़क हादसे: शिवगढ़ के कालाखेत में तेज रफ्तार टीवीएस स्कूटर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। वहीं रिंगनोद-जावरा रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दीपक परिहार व उनकी माता घायल हो गए। नामली और औद्योगिक क्षेत्र में भी तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से राहगीर घायल हुए।
पति ने पत्नी के साथ की मारपीट: माणक चौक थाना क्षेत्र के सिलावटों का वास में चरित्र शंका को लेकर विनय भाटी ने अपनी पत्नी सोनू भाटी के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
बुजुर्ग से अभद्रता: जावरा शहर के सागरपेशा में 82 वर्षीय बुजुर्ग पांडुरंग राव व उनके साथी के साथ प्रेमलता नामक महिला ने मारपीट कर गाली-गलौज की।
शराब पीने से टोकने पर हमला: ताल थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में पिता को शराब पिलाने का विरोध करने पर आरोपी मुकेश बागरी ने लखन बागरी के साथ जमकर मारपीट की।
रिच्छादेवड़ा में दो पक्षों में खूनी संघर्ष: कालुखेड़ा के ग्राम रिच्छादेवड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों (कमलेश पाटीदार व शैलेंद्रसिंह राजपूत पक्ष) में आमने-सामने मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस कायमी की गई।
शराब माफिया पर कार्रवाई: नामली पुलिस ने पंचेड फंटा पर घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल से 150 क्वार्टर देशी शराब (कीमत ₹10,500) जब्त कर धारासिंह सोलंकी को गिरफ्तार किया (दूसरा आरोपी सोनू फरार)। नामली मंडी गेट से भी 50 क्वार्टर शराब पकड़ी गई। इसके अलावा बिलपांक, डीडी नगर, सरवन, रिंगनोद और औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ और देशी-विदेशी शराब जब्त कर कुल 7 तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा।
सट्टा व जुआ पर्ची जब्त: डीडी नगर पुलिस ने सैलाना बस स्टैंड के पास जीवन मोबाइल की दुकान के सामने से सट्टा पर्ची काट रहे नंदकिशोर जोशी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर ₹3,080 नकदी जब्त की। स्टेशन रोड पुलिस ने सालाखेड़ी गोदाम के पीछे से ताश पत्तों पर रुपये का दांव लगाते हुए महेश कहार और दीपक कहार को ₹270 नगदी सहित पकड़ा।
सर्पदंश से बुजुर्ग महिला की मौत: बांदरबेला (थाना भाटपचलाना, उज्जैन) निवासी सोरनबाई (70 वर्ष) को सांप के डसने के बाद गंभीर हालत में रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परीक्षण कराया।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन