पैसों के विवाद में सुपारी : सैफी नगर फायरिंग कांड का खुलासा, 5 शूटर गिरफ्तार Video
Raj Kumar Luniya
Sat, Jun 20, 2026
शेयर मार्केट और पैसों के लेनदेन के विवाद में डराने और वसूली का दबाव बनाने के लिए ज्वेलर्स के घर पर कराई गई फायरिंग के मामले में रतलाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता और उसके साथियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
घटनाक्रम : शुक्रवार (19 जून 2026) को दोपहर लगभग 3:16 बजे दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर (मकान नंबर 80) में दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। यह घर चांदनी चौक स्थित श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक कमल सोनी का है। घटना के समय कमल सोनी अपने बेटे के साथ जावरा गए हुए थे, जबकि घर पर उनकी पत्नी मनीषा सोनी, बेटे अमित, दिव्यांश और पुत्रवधू मौजूद थीं। जब मनीषा सोनी खिड़की के पास खड़ी थीं, तभी एक बदमाश ने जान से मारने की नीयत से उन पर फायर कर दिया। मनीषा सोनी ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत नीचे झुक गईं, जिससे गोली खिड़की के कांच को तोड़ती हुई निकल गई और उनकी जान बच गई।

तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी से खुला राज : घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने तत्काल दीनदयाल नगर थाना पुलिस, साइबर सेल और सीसीटीवी शाखा की एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर डेटा) का विश्लेषण किया। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस टीम ने आखिरकार फायरिंग करने वाले आरोपियों को धरदबोचा।

पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा : पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों ने पूछताछ में कुबूल किया कि उन्होंने यह वारदात 'विनय शर्मा उर्फ वीनू' के कहने पर की थी। जांच में सामने आया कि फरियादी के बेटे दिव्यांश सोनी का सरवन निवासी 'आदित्य सोमानी' नाम के व्यक्ति के साथ शेयर मार्केट/एमसीएक्स (MCX) के पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इस संबंध में कुछ दिन पूर्व ही सरवन थाने में शिकायत भी दर्ज कराई जा चुकी थी।शुरुआती जांच के अनुसार, आदित्य सोमानी ने पैसों की वसूली और दबाव बनाने के उद्देश्य से विनय शर्मा को सुपारी दी थी, जिसने अपने गुर्गों के जरिए इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिलवाया। पुलिस ने जिन 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:

भोला पाटीदार (29 वर्ष), निवासी पैलेस रोड, रतलाम
विनीत उर्फ चुचू बड़गोतिया (25 वर्ष), निवासी रिटायर्ड कॉलोनी, रतलाम
अजय उर्फ गट्टू चौहान (24 वर्ष), निवासी आनंद कॉलोनी, रतलाम
रविन्द्र राजन (32 वर्ष), निवासी रेल नगर, रतलाम
कन्हैया नायक (43 वर्ष)
मामले का मुख्य आरोपी विनोद उर्फ वीनू शर्मा और अन्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को पकड़कर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जाएंगे।
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका : इस अंधे कत्ल के प्रयास का त्वरित खुलासा करने वाली टीम में उप निरीक्षक अनुराग यादव, जीवन बारिया, राजा तिवारी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, मनमोहन शर्मा, और आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसोदिया, अभिषेक पाठक, हर्षल शर्मा, संदीप कुमावत, दीपक सिंह, शांतिलाल डिंडोर एवं रवि चंदेल शामिल थे। एसपी अमित कुमार ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।
Tags :
सैफी नगर गोलीकांड
रतलाम पुलिस कार्रवाई
विज्ञापन
विज्ञापन