अपराधों पर अंकुश लगाने की कवायद : शहर थाना क्षेत्रों में विशेष गश्त, 102 हिरासत में
Raj Kumar Luniya
Fri, Jan 9, 2026
शहर में लोक शांति और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार के निर्देशन में बीती रात एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में घेराबंदी कर बेवजह घूमने वाले 102 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
अधिकारियों ने स्वयं संभाली कमान : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश खाखा के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया सहित माणकचौक, औद्योगिक क्षेत्र, डीडी नगर और स्टेशन रोड थाने के प्रभारी व बल शामिल रहे। पुलिस की टीम ने जेल वाहन के साथ पूरे शहर में भ्रमण किया, जिससे अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

थानावार कार्रवाई का विवरण : चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुल 102 लोगों को थानों पर लाकर उनकी कुंडली खंगाली। इसमें मुख्य रूप से:
थाना डीडी नगर: 42 व्यक्ति
थाना स्टेशन रोड: 26 व्यक्ति
थाना औद्योगिक क्षेत्र: 18 व्यक्ति
थाना माणकचौक: 16 व्यक्ति
इन सभी संदिग्धों से विस्तृत पूछताछ की गई और उचित समझाइश देने के बाद उन्हें रवाना किया गया।
चाकूबाजी और चोरी की घटनाओं पर लगाम की कोशिश : एसपी श्री अमित कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और आदतन बदमाशों व अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर नजर रखना है। शहर के अलग-अलग पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों की भी तलाशी ली गई। पुलिस प्रशासन के अनुसार, चाकूबाजी और चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए भविष्य में भी इस तरह का चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Tags :
S.P_RATLAM
RATLAM_POLICE
DIG_RATLAM
IG_UJJAIN
DGP_M.P
HOME_DEPARTMENT_M.P
विज्ञापन
विज्ञापन