रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 10 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Raj Kumar Luniya
Thu, Jun 11, 2026
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। रिंगनोद थाना अंतर्गत ढोढर पुलिस चौकी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए महू-नीमच फोरलेन पर घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम अवैध एम.डी. ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के सख्त निर्देशों के बाद, एएसपी विवेक कुमार और एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। रिंगनोद थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में ढोढर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर बरखेड़ी फंटा पर घेराबंदी : पुलिस को 9 जून को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक भारी मात्रा में एम.डी. ड्रग्स लेकर महू-नीमच फोरलेन हाईवे स्थित बरखेड़ी फंटा क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। एनडीपीएस एक्ट के नियमों का पालन करते हुए जब संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, तो उनके पास से 100 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद हुई, जिसे पुलिस ने विधिवत तौल कर जब्त कर लिया।
मंदसौर के रहने वाले हैं आरोपी : पुलिस ने मौके से जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान अरबाज (22) पिता हुसैन खाँ मेवाती और मंगलेश (23) पिता जिता भाई हटीला के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चुना भट्टा और इंदिरा आवास, दलौदा (जिला मंदसौर) के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी विष्णु निवासी दलौदा फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस : पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह ड्रग्स कहाँ से लाई जा रही थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।
इस टीम को मिली सराहना : इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, प्रधान आरक्षक सुधीरसिंह राठौर, आरक्षक रविन्द्रसिंह, नरेन्द्रसिंह जगावत, शोभाराम शर्मा, महिला आरक्षक निशा दांडीग और सैनिक छत्रपालसिंह की सराहनीय भूमिका रही।
Tags :
रतलाम_पुलिस
बड़ी कार्रवाई
एमडी ड्रग्स
विज्ञापन
विज्ञापन