नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस : 16.50 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Raj Kumar Luniya
Mon, Mar 16, 2026
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में रिंगनोद पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने महू-नीमच हाईवे पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 165 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। जप्त नशीले पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत लगभग 17.30 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई : पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले भर में तस्करों के विरुद्ध सख्ती बरती जा रही है। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद की टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने महू-नीमच हाईवे स्थित होटल गंगासागर के सामने जाल बिछाया।

दो बाइक और ड्रग्स जप्त : संदेह के आधार पर रोके गए दो व्यक्तियों की जब एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली गई, तो उनके पास से 165 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया:
कारूलाल (25 वर्ष): निवासी डोरानाखेड़ा, प्रतापगढ़ (राजस्थान)।
फरीद (35 वर्ष): निवासी मालीपुरा, बड़ावदा (रतलाम)।
पुलिस ने ड्रग्स के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और एक टीवीएस एक्सएल मोपेड भी जप्त की है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज : थाना रिंगनोद में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 78/2026, धारा 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
सराहनीय टीम : इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, प्रधान आरक्षक राहुल उपाध्याय, आरक्षक जितेन्द्र व्यास, मुकेश गेहलोत, शोभाराम शर्मा, कृष्णपाल सिंह और नरेन्द्र सिंह जगावत की मुख्य भूमिका रही।
Tags :
S.P_RATLAM
RATLAM_POLICE
DIG_RATLAM
IG_UJJAIN
DGP_M.P
HOME_DEPARTMENT_M.P
CM_M.P
विज्ञापन
विज्ञापन