रेडक्रॉस सेवा सप्ताह : उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको, के मंत्र के साथ मनाया
Raj Kumar Luniya
Wed, Jan 7, 2026भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा रतलाम द्वारा आयोजित सात दिवसीय 'सेवा सप्ताह' के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर केंद्रित निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रेडक्रॉस चेयरमैन श्री प्रितेश गादिया एवं महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मंगलेश्वरी जोशी ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। स्वागत भाषण प्राचार्य श्रीमती जोशी ने दिया।
लक्ष्य प्राप्ति तक न रुकने का आह्वान: मुख्य अतिथि एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रेडक्रॉस चेयरमैन श्री प्रितेश गादिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन सिद्धांतों की एक खुली किताब है। उन्होंने विवेकानंद के प्रसिद्ध ध्येय वाक्य 'उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए' का उल्लेख करते हुए युवाओं को अपने गुरुओं के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
सेवा गतिविधियों से जुड़ने की अपील: कार्यक्रम संयोजक सुलोचना शर्मा ने रेडक्रॉस की विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी दी और छात्राओं से परोपकार के कार्यों में जुड़ने का आह्वान किया। संस्था के वाइस चेयरमैन सुशील मुनत ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
प्रतियोगिता के परिणाम: निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में कुमारी दीपिका कसेरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कुमारी भाग्यश्री प्रजापत द्वितीय और कुमारी मिताली कैथल तृतीय स्थान पर रहीं।
उपस्थिति: इस अवसर पर रेडक्रॉस संचालक संजय लूनिया, अशोक जैन, दिनेश बरमेचा, गोपाल जोशी सहित डॉ. मानिक डांगी, डॉ. सुनीता श्रीमाल, प्रो. वंदना नामदेव, प्रो. सुनीता जैन एवं प्रो. निशा निमावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सौरभ गुर्जर ने किया एवं आभार प्रदर्शन डॉ. रोशनी रावत द्वारा किया गया।
Tags :
रेड क्रॉस
सेवा सप्ताह
विज्ञापन
विज्ञापन