धर्मदास जैन श्री संघ : अजीत मेहता को कमान, राजीव चोरड़िया को महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
Raj Kumar Luniya
Sat, Jun 6, 2026
धर्मदास जैन संघ की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसमें सर्वानुमति से अजित मेहता को अध्यक्ष और राजीव चोरड़िया को महामंत्री पद की महत्वपूर्ण जवाबदारी सौंपी गई है। संघ के मार्गदर्शक, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी व कार्यसमिति सदस्यों की बैठक गुरुवार देर शाम चांदनी चौक स्थित कृष्ण महिला कला केन्द्र पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के मार्गदर्शक ललित गांधी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र की सामूहिक स्तुति के साथ हुआ।
सर्वानुमति से हुआ शीर्ष पदाधिकारियों का चयन : निवर्तमान अध्यक्ष रजनीकांत झामर व पदाधिकारियों का कार्यकाल पूर्ण होने पर नई टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई। बैठक में ललित गांधी ने पूर्व महामंत्री का दायित्व संभाल चुके अजित मेहता के नाम का अध्यक्ष पद के लिए प्रस्ताव रखा। उपस्थित सभी सदस्यों ने 'हर्ष हर्ष, जय जय' के उद्घोष के साथ इस प्रस्ताव का समर्थन किया। नवनियुक्त अध्यक्ष अजित मेहता विगत लंबे समय से विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और पिछले 8 वर्षों से संघ में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इसी क्रम में, कस्तूरबा नगर मिल क्षेत्र स्थानक के अध्यक्ष राजीव चोरड़िया को सर्वानुमति से संघ का महामंत्री चुना गया। कार्यकारिणी में 15 नए चेहरे शामिल : बैठक में संघ के पुराने सहयोगियों के साथ-साथ 15 नए सदस्यों को कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। इनमें सर्वश्री शांतिलाल भंडारी, हस्तीमल चौपड़ा, मणीलाल वोरा, श्रीपाल मांडोत, राजीव चोरड़िया, अनिल कोठारी, महेंद्र जैन, राजेश गादिया, जयंतीलाल मूणत, प्रमोद बांठिया, अनूप तलेरा, विनय लोढ़ा, वीरेन्द्र लोढ़ा, राजेश सोनी और मिलिंद कोठारी शामिल हैं। संघ के शेष पदाधिकारियों, कार्यकारिणी व अन्य समितियों का गठन शीघ्र ही किया जाएगा।
निवर्तमान टीम का ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए अभिनंदन : अपने कार्यकाल के दौरान धर्मदास गणनायक प्रवर्तक जिनेंद्रमुनि आदि ठाणा एवं पुण्य पुंज साध्वी पुण्यशीला आदि ठाणा के ऐतिहासिक चातुर्मास (वर्षावास) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए निवर्तमान अध्यक्ष रजनीकांत झामर और महामंत्री विनय लोढ़ा का शॉल ओढ़ाकर व माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। रजनीकांत झामर ने इस दौरान मिले सहयोग के लिए सभी का आभार जताया और संघ भावना के अनुरूप किसी भी त्रुटि के लिए क्षमा याचना की।
नव-मनोनीत पदाधिकारियों का स्वागत व संकल्प : बैठक में नव-मनोनीत अध्यक्ष अजित मेहता एवं महामंत्री राजीव चोरड़िया का भी उपस्थित सदस्यों ने शॉल व माला से स्वागत किया। नवागत अध्यक्ष अजित मेहता ने आभार जताते हुए कहा कि संघ के प्रत्येक कार्य को सफलता की ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए सभी का सामूहिक सहयोग अनिवार्य है। नवागत महामंत्री राजीव चोरड़िया ने भी सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान संघ के कोषाध्यक्ष अमृतलाल कोठारी ने 'वैयावच्च समिति' बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। बैठक में कई सदस्यों ने अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए।
ये रहे उपस्थित: बैठक में अरविंद मेहता, माणकलाल कटकानी, हस्तीमल चौपड़ा, ज्ञानचंद लोढ़ा, संतोष गांधी, राजेंद्र चौपड़ा, श्रीपाल मांडोत, ललित कोठारी, जयंतीलाल मूणत, राजेश गादिया, अनूप तलेरा, मिलिंद कोठारी सहित संघ के अनेक सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राजीव चोरड़िया ने किया तथा आभार प्रदर्शन विनय लोढ़ा द्वारा किया गया।
Tags :
धर्मदास जैन श्री संघ
नवीन कार्यकारिणी
विज्ञापन
विज्ञापन