मिलेगी आधुनिक ई-लाइब्रेरी की सुविधा : 4 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा गीता भवन
Raj Kumar Luniya
Fri, Oct 23, 2026
पुरानी कलेक्टोरेट परिसर स्थित शिक्षा विभाग द्वारा संचालित पुस्तकालय का गुरुवार को जिला कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि जिन पुरानी साहित्यिक पुस्तकों के संस्करण अब पढ़ने योग्य नहीं हैं, उनके स्थान पर नए संस्करण उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि साहित्य से जुड़ी पुस्तकों को अच्छी स्थिति में रखा जाए ताकि पाठकों की रुचि बनी रहे। साथ ही जिन पुस्तकों के कवर खराब हो गए हैं, उन पर तत्काल नए कवर चढ़ाने के निर्देश दिए गए।

अनुपयोगी पुस्तकों की होगी समीक्षा : कलेक्टर ने ग्रंथपाल को निर्देशित किया कि जो पुस्तकें लंबे समय से पुस्तकालय में रखी हैं लेकिन वर्षों से उपयोग या इश्यू नहीं हुई हैं, उनकी समीक्षा की जाए। ऐसी पुस्तकों के स्थान पर विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रुचिकर और उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं।
बच्चों के बीच बैठकर जाना पढ़ाई का अनुभव : निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया पुस्तकालय में पढ़ रहे बच्चों के बीच बैठे और उनसे सीधी बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे कौन-सी पुस्तकें पढ़ रहे हैं और पुस्तकालय में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं है। उन्होंने बच्चों के करियर और पढ़ाई के अनुभवों की भी जानकारी ली।

गीता भवन में 4 करोड़ से बनेगी आधुनिक ई-लाइब्रेरी : नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना ने बताया कि कॉमर्स कॉलेज के पास ऑडिटोरियम परिसर में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से 'गीता भवन' का निर्माण प्रस्तावित है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। गीता भवन में वृद्धजनों के लिए पुस्तकें, सामान्य पुस्तकालय, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री, आधुनिक ई-लाइब्रेरी और कैफेटेरिया की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
7 दिन में कचरा हटाने के सख्त निर्देश : पुस्तकालय के नीचे रखे पुराने कचरे एवं अनुपयोगी सामग्री का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सात दिवस के भीतर कचरे को हटाकर नियमानुसार विनष्टीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और परिसर में स्वच्छता बनाए रखी जाए।
Tags :
Collector_Ratlam
विज्ञापन
विज्ञापन