स्व.महेंद्रजी गादिया की स्मृति में सेवाभाव का संगम : रक्तदान शिविर, भोजन सेवा व सम्मान समारोह आयोजित
Raj Kumar Luniya
Wed, Dec 17, 2025
समाजसेवी स्वर्गीय महेंद्रजी गादिया की तृतीय पुण्यतिथि पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर सेवा कार्यों की श्रृंखला निभाई। रविवार को कॉलेज रोड स्थित मानव सेवा समिति परिसर में जैन सोशल ग्रुप रतलाम युथ द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर स्वामी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण के साथ की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी ने कहा कि “गादिया जी सेवा के पर्याय थे, उन्होंने अनेक संस्थाओं को एक सूत्र में जोड़कर उच्च स्तर पर पहुंचाया।” भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने भी उनके सेवाभावी व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए कहा कि दिन-रात सेवा में तत्पर रहना ही उनकी जीवन साधना थी। वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी ने रेडक्रॉस सहित अन्य संस्थाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया।

महापौर प्रहलाद पटेल ने शिविर स्थल पर पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। झोन कोऑर्डिनेटर निर्मल मेहता, संस्था अध्यक्ष राहुल छाजेड़, शिविर संयोजक कमलेश कोठारी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि महेंद्रजी की स्मृति में तीन वर्षों में यह चौथा रक्तदान शिविर है। इस दौरान समाजसेवी संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष प्रितेश गादिया सहित अनेक पदाधिकारियों, दाताओं एवं समाजजन की उपस्थिति रही। स्वास्थ्य, समाज सेवा, संस्कार एवं खेल गतिविधियों में सक्रिय सदस्यों का माला पहनाकर सम्मान किया गया।

शिविर में 50 से अधिक रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इसके अलावा स्वल्पाहार वितरण, वृद्धजन सेवा एवं भोजन व्यवस्था भी की गई। वृद्ध आश्रमों में भोजन वितरण समता युवा संघ एवं गादिया परिवार द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन सचिव अभय लोढ़ा व अंत में आभार सौरभ बोथरा ने व्यक्त किया।
Tags :
Blood_Donation
SOCIAL_WORK
विज्ञापन
विज्ञापन