सेवा की गूंज : ठिठुरन भरी ठंड में बच्चों का सहारा बना जैन सोशल ग्रुप रतलाम यूथ
Raj Kumar Luniya
Wed, Dec 31, 2025
कड़ाके की ठंड और लगातार चल रही शीतलहर को देखते हुए जैन सोशल ग्रुप रतलाम यूथ द्वारा सेवा की एक अनूठी पहल की गई है। ग्रुप के सेवा कार्यों की कड़ी में ग्राम बड़ोदिया स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के 122 छात्र-छात्राओं को गरम स्वेटर वितरित किए गए। ठिठुरन भरी ठंड में स्वेटर पाकर स्कूली बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस पुनीत सेवा कार्य का लाभ ग्रुप सदस्य गर्वित गोखरू ने लिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सामूहिक नवकार महामंत्र के उच्चारण के साथ किया गया। इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन देते हुए ग्रुप अध्यक्ष राहुल छाजेड़ ने कहा कि, "हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भीषण ठंड बच्चों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा न बने। बच्चे स्वस्थ रहकर मन लगाकर पढ़ें और भविष्य में अपने परिवार व शहर का नाम रोशन करें।" उन्होंने आगामी समय में भी स्कूल की अन्य आवश्यकताओं के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
स्कूल की प्राचार्य प्रतिभा मोरड़िया एवं शिक्षक गणों ने ग्रुप की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए यह सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण और समयोचित है।
ये रहे उपस्थित: इस सेवा कार्य के दौरान पूर्व अध्यक्ष विनीत पीपाड़ा, वैभव रांका, सचिव अभय लोढ़ा, सौरभ मूणत, वीरेंद्र कटारिया, यतेन्द्र मेहता, अर्पित बोथरा, अरिहंत बोराणा एवं पारस मेहता सहित ग्रुप के अन्य सदस्य और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
Tags :
JSGIF
JSG_MP_REGION
JSG_YOUTH
विज्ञापन
विज्ञापन