वोटर लिस्ट में 'हेरा-फेरी' : कांग्रेस ने फूंका चुनाव आयोग का पुतला, आंदोलन की चेतावनी
Raj Kumar Luniya
Fri, Feb 6, 2026
शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा मतदाता सूची में कथित हेरा-फेरी और भाजपा के पक्ष में 'वोट चोरी' के षड्यंत्र के खिलाफ घांस बाजार चौराहे पर विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चुनाव आयोग का पुतला दहन किया। इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम तहसीलदार ऋषभ ठाकुर को ज्ञापन सौंपा गया।

सूची सार्वजनिक करने की मांग
ज्ञापन का वाचन करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने निर्वाचन विभाग से स्पष्ट मांग की है कि रतलाम शहर में प्राप्त सभी आपत्तियों और आवेदनों की वार्ड एवं बूथ अनुसार सूची तत्काल जारी की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बोगस आवेदनकर्ताओं पर प्रकरण दर्ज नहीं किया गया, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
अधिकारियों को कड़ी चेतावनी
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने निर्वाचन अधिकारियों को नियमानुसार कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा, "भाजपा के दबाव में जिले में 1,08,401 नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन जनता की भारी उपस्थिति ने भाजपा के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। अधिकारी निष्पक्ष रहें, अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहें।"

दस्तावेजों के साथ पहुंचे पीड़ित मतदाता
प्रदर्शन के दौरान बसंत पंड्या ने उन मतदाताओं को मीडिया के सामने पेश किया, जो पिछले 40-50 वर्षों से मतदान कर रहे हैं, लेकिन अब उनके नाम काटने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की हत्या और पात्र मतदाताओं को बेदखल करने का सुनियोजित षड्यंत्र करार दिया।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, सतीश पुरोहित, यासमीन शेरानी सहित बड़ी संख्या में पार्षद और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन बसंत पंड्या ने किया और आभार मनोज वर्मा ने माना।
Tags :
Ratlam_Congress
M.P_Congress
Indian_National_congress
Collector_Ratlam
SIR
विज्ञापन
विज्ञापन