मिला फाइव स्टार रैंक : देशभर के 12 लाख स्कूलों को पछाड़ जावरा का सांदीपनि स्कूल बना नंबर-1
Raj Kumar Luniya
Sat, Jun 27, 2026
स्वच्छ भारत अभियान के तहत केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित 'स्वच्छ एवं हरित विद्यालय मूल्यांकन 2026' के परिणामों में जावरा के शासकीय सांदीपनि विद्यालय ने इतिहास रच दिया है। विद्यालय ने हायर सेकेंडरी कैटेगरी में फाइव स्टार रैंक के साथ 98.4 अंक प्राप्त कर पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी सिमरन सूर्यवंशी ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने देश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 12 लाख स्कूलों का मूल्यांकन किया था। यह रैंकिंग स्वच्छता, हरित पहल, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, सौर ऊर्जा और अन्य विविध गतिविधियों के आधार पर तय की गई। मध्य प्रदेश के लगभग 70 हजार स्कूलों में से सांदीपनि विद्यालय जावरा 99.4% अंकों के साथ राज्य में पहले स्थान पर रहा था, जिसके बाद इसे राष्ट्रीय स्तर के लिए नामांकित किया गया।
60 कड़े मापदंडों पर खरा उतरा विद्यालय : राष्ट्रीय सर्वेक्षण दल ने सांदीपनि विद्यालय का बेहद सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। विद्यालय में संचालित निम्नलिखित अभूतपूर्व व्यवस्थाओं के कारण यह मुकाम हासिल हुआ:
1/कचरा प्रबंधन: 100% कचरा मुक्त योजना, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण और वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) का निर्माण।
2/पर्यावरण व परिसर: पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त परिसर, हरित कैंपस, हर्बल गार्डन और किचन गार्डन।
3/जल व ऊर्जा संरक्षण: वर्षा जल संचयन (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग), आर.ओ. के वेस्ट वॉटर से सिंचाई की व्यवस्था और सौर ऊर्जा प्रबंधन।
4/अनोखी पहल: विद्यालय परिसर में 400 से अधिक पौधे रोपे गए हैं और प्रमुख पेड़ों पर जानकारी के लिए क्यूआर (QR) कोड भी लगाए गए हैं।
5/टीम वर्क और अनुशासन की जीत : विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र बोस ने इस सफलता का श्रेय अनुशासित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की कड़ी मेहनत को दिया।
उन्होंने लोक शिक्षण संचालनालय एवं राज्य शिक्षा केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय की इको क्लब और स्वच्छता समिति के संयोजकगण सुनील सोनी, कामिनी खान, हर्षा नामदेव, विजय प्रजापति एवं कैलाशचंद्र कपासिया के नेतृत्व में प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर काम किया गया। उपप्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह उपलब्धि अत्यधिक उत्साहवर्धक है और परिसर को सदैव स्वच्छ व हरित रखने के प्रयास जारी रहेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर नगर के सांदीपनि विद्यालय द्वारा अर्जित उपलब्धि से प्रदेश भी गौरान्वित हुआ है। सम्पूर्ण विद्यालय परिवार की मेहनत प्रेरणीय एवं बहुत प्रशंसनीय है, साधुवाद : डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, विधायक
निश्चित ही नगर के इस विद्यालय ने स्वच्छता एवं हरियाली की दिशा में श्रेष्ठ कार्य किया है : रचना शर्मा, एस.डी.एम. जावरा
Tags :
स्वच्छ भारत अभियान
फाइव स्टार रैंक
सांदीपनी स्कूल जावरा
विज्ञापन
विज्ञापन