भेरुजी का ओटला तोड़ने पर भड़का गुस्सा : होटल मालिक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज
Raj Kumar Luniya
Tue, Jan 13, 2026
शहर के कोमल नगर (प्रोफेसर कॉलोनी) क्षेत्र में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब एक धार्मिक स्थल 'भेरुजी का ओटला' तोड़े जाने की खबर सामने आई। इस घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रिंस होटल के मालिक सुभाष सिंह और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना : जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह गौसेवक गजेंद्र सिंह सक्तावत को सूचना मिली थी कि कोमल नगर में भेरुजी का ओटला क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। जब वे कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां ओटला टूटा हुआ मिला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि रात के समय प्रिंस होटल के संचालक सुभाष सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस धार्मिक स्थल को तोड़ा था।

बजरंग दल का धरना और हंगामा : घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता एकत्रित हो गए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता बजरंग पुरोहित और क्षेत्रीय पार्षद पप्पू पुरोहित भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा : हंगामे की सूचना मिलते ही डीएसपी अजय सारवान, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी, डीडी नगर टीआई अनुराग यादव, निगम आयुक्त अनिल भाना और तहसीलदार ऋषभ ठाकुर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया और भरोसा दिलाया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

एफआईआर दर्ज, निर्माण कार्य शुरू : पुलिस ने गजेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर आरोपी सुभाष सिंह व अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रदर्शनकारियों की मांग पर प्रशासन ने क्षतिग्रस्त ओटले का पुननिर्माण कार्य भी तुरंत शुरू करवा दिया है। कार्यकर्ताओं ने फिलहाल विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया है, लेकिन पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Tags :
RATLAM_POLICE
MUNCIPAL_CORPORATION_RATLAM
Collector_Ratlam
विज्ञापन
विज्ञापन