6 किमी पैदल चले, शिवगढ़ के जंगल का लिया जायजा : तालाब का पानी चखकर बोले कलेक्टर हिमालयन वाटर सा..स्वाद
Raj Kumar Luniya
Sat, Sep 5, 2026
सैलाना प्रवास के दौरान कलेक्टर अजय कटेसरिया ने शिवगढ़ वन परिक्षेत्र में हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट द्वारा विकसित किए जा रहे सघन वन और जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने करीब 6 किलोमीटर पैदल चलकर पौधरोपण, जल संरचनाओं और वन संरक्षण कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक चेकडैम में जमा स्वच्छ पानी स्वयं चखकर देखा। पानी पीने के बाद उन्होंने कहा कि “इस पानी का स्वाद हिमालयन ड्रिंकिंग वाटर जैसा है।” उन्होंने जल संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।

शिवगढ़ में करीब 859 हेक्टेयर क्षेत्र में सघन वन विकसित किया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में करीब 2 लाख पौधे लगाए गए हैं, जबकि 3 लाख से अधिक पौधों की नर्सरी तैयार की गई है। परियोजना में 60 प्रतिशत से अधिक स्थानीय महिलाओं की सहभागिता है। आगामी चरण में एक लाख नए पौधे लगाने की तैयारी है।
जल संरक्षण के लिए क्षेत्र में 56 चेकडैम बनाए गए हैं, जिनसे करीब 45 करोड़ लीटर वर्षाजल संग्रहित करने का प्रयास है। तीन सरोवरों में करीब 2 करोड़ लीटर पानी की क्षमता है। इन जल संरचनाओं से रेन गन और ड्रिप सिंचाई के माध्यम से सिंचाई की जा रही है।

परियोजना से आसपास की 3 ग्राम पंचायतों के 14 गांवों को लाभ मिलने की संभावना है। कलेक्टर ने वन क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति की जानकारी लेते हुए सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधों और जल संरचनाओं की नियमित देखरेख से यह क्षेत्र बेहतर हरित एवं जल संरक्षण मॉडल बन सकता है।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने चंपा का पौधा भी लगाया और उसके संरक्षण पर जोर दिया। इस दौरान सैलाना एसडीएम कृष्णपाल सिंह बघेल, तहसीलदार मनीष जैन, हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट के जिला समन्वयक निलेश शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन