8 अक्टूबर तक होगा दुकानों का आवंटन : कालिका माता नवरात्रि मेले में पार्किंग रहेगी निःशुल्क
Raj Kumar Luniya
Thu, Oct 8, 2026
कालिका माता नवरात्रि मेले के सफल आयोजन और नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की राजस्व समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति प्रभारी दिलीप गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णयों की अनुशंसा की गई कि गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी मेले में आने वाले नागरिकों के लिए पार्किंग व्यवस्था निःशुल्क रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पार्किंग की जिम्मेदारी यातायात विभाग को सौंपने की अनुशंसा की गई।
महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले मेले में दुकानदारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए खाद्य पदार्थ, चाट, आइसक्रीम, खान-पान, मनिहारी और खिलौनों सहित अन्य दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर तक पूरी करने की अनुशंसा की गई। इससे मेले के पहले दिन से ही दुकानें शुरू हो सकेंगी। साथ ही मेले में विद्युत सज्जा और रोशनी की व्यवस्था शरद पूर्णिमा तक रखने का प्रस्ताव भी रखा गया।
अवैध दुकानों पर रोक, स्वच्छता पर जोर : बैठक में मेले में अवैध दुकानें नहीं लगने देने तथा निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान पर अनिवार्य रूप से चार-चार कचरा पात्र (डस्टबिन) रखने होंगे। दुकानदारों को कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में डालना होगा।
दो नए चलित शौचालय भी रखे जाएंगे : नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा खरीदे गए दो नवीन चलित शौचालय मेला परिसर में रखने की अनुशंसा की गई। इनके साथ ही पूरे मेला परिसर में प्रतिदिन सफाई कराने और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में समिति सदस्य रणजीत टांक, योगेश पापटवाल, अनिता वसावा, भावना पैमाल, उमा डोई, उपायुक्त सचिन सिटोले और सहायक राजस्व निरीक्षक ऋषि पंड्या सहित अन्य उपस्थित रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन