धामनोद में फूड पॉइजनिंग : मावा भट्टी सील, खराब मावा नष्ट, नमूने भोपाल लेब भेजे
Raj Kumar Luniya
Mon, Oct 27, 2025
ग्राम धामनोद में एक गोद भराई कार्यक्रम में नाश्ता और भोजन खाने से मेहमानों में फूड पॉइजनिंग उल्टी-दस्त की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरणदास बैरागी की मावा भट्टी को सील कर दिया है।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शिकायत की जांच के लिए धामनोद का दौरा किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश जमरा और तहसीलदार श्री संदीप इवने शामिल थे।
कार्यवाही के मुख्य बिंदु:
मावा भट्टी सील: जांच के दौरान पूरणदास बैरागी की मावा भट्टी का खाद्य रजिस्ट्रेशन नहीं पाया गया। भट्टी को आगामी आदेश तक के लिए सिलबंद कर दिया गया।
खराब मावा नष्ट: मौके पर मिले खराब मावे को टीम द्वारा नष्ट करवाया गया।
नमूने जब्त: कार्यक्रम में बनाए गए खाद्य पदार्थों के सभी नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी। यह कार्यवाही दशरथ पाटीदार के घर हुए कार्यक्रम में फूड पॉइजनिंग की शिकायत पर की गई है।
Tags :
फूड पॉइजनिंग
मावा भट्टी सील
विज्ञापन
विज्ञापन