कर्तव्य के साथ सेहत का भी ख्याल : भीषण गर्मी में ट्रैफिक जवानों को मिला छातों का संबल
Raj Kumar Luniya
Fri, Apr 10, 2026
जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अपने मैदानी अमले की सुध ली है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में ट्रैफिक जवानों के स्वास्थ्य और सुविधा के लिए एक विशेष पहल की गई है, जिसके तहत सड़कों पर मुस्तैद जवानों को धूप से बचाव के लिए छातों (Umbrellas) का वितरण किया गया।
अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह : एएसपी विवेक कुमार एवं डीएसपी ट्रैफिक आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जवानों को सामग्री भेंट की गई। इस दौरान डीएसपी ट्रैफिक सोनी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि कर्तव्य पालन के साथ-साथ खुद की सेहत का ध्यान रखना भी अनिवार्य है। उन्होंने जवानों को हिदायत दी कि वे ड्यूटी के दौरान नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें और लू से बचाव के सभी उपाय अपनाएं।
जवानों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता : उल्लेखनीय है कि ट्रैफिक पुलिस के जवान शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर घंटों तक सीधी धूप में खड़े होकर यातायात व्यवस्था संभालते हैं। बढ़ती गर्मी के कारण उन्हें डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बना रहता है। पुलिस अधीक्षक की इस पहल का मुख्य उद्देश्य जवानों की कार्यक्षमता को बनाए रखना और उन्हें विषम परिस्थितियों में राहत पहुंचाना है। इस मानवीय दृष्टिकोण की पुलिस विभाग और आमजन, दोनों द्वारा सराहना की जा रही है।
Tags :
S.P_RATLAM
RATLAM_POLICE
DIG_RATLAM
TRAFFIC_POLICE
विज्ञापन
विज्ञापन