पुलिस की बड़ी कामयाबी : 20 लाख के 100 गुम मोबाइल ढूंढकर मालिकों को लौटाए
Raj Kumar Luniya
Thu, Mar 26, 2026
रतलाम पुलिस की सायबर सेल ने 'गुम मोबाइल रिकवरी अभियान' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में सायबर सेल ने तकनीक का सटीक उपयोग करते हुए विभिन्न कंपनियों के 100 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
CEIR पोर्टल की रही मुख्य भूमिका: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में चली इस कार्रवाई में भारत सरकार के CEIR पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया गया। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने रतलाम सहित इंदौर, धार, मंदसौर, नीमच, उज्जैन और झाबुआ जैसे जिलों से ये मोबाइल बरामद किए। पुलिस के अनुसार, कई लोगों को ये फोन रास्ते में गिरे हुए मिले थे, जिन्हें वे अनजाने में इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने ऐसे सभी लोगों को हिदायत दी है कि भविष्य में लावारिस मोबाइल मिलने पर उसे नजदीकी थाने में जमा कराएं।
महंगे ब्रांड्स के फोन शामिल : बरामद किए गए हैंडसेट्स में एप्पल, सैमसंग, वीवो, रियलमी, रेडमी और ओप्पो जैसी नामी कंपनियों के महंगे मॉडल्स शामिल हैं। मोबाइल पाकर धारकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। इस दौरान सायबर सेल की टीम ने नागरिकों को सायबर फ्रॉड से बचने और मोबाइल सुरक्षा के टिप्स भी दिए।
इनकी रही सराहनीय भूमिका : इस सफल अभियान में सायबर सेल टीम के निरीक्षक अमित कोरी, उप निरीक्षक जीवन बारिया सहित प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह और आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसौदिया, मोर सिंह, जितेंद्र चौधरी व वीरेंद्र डाबी का विशेष योगदान रहा।
Tags :
S.P_RATLAM
RATLAM_POLICE
DIG_RATLAM
Cyber_cell
विज्ञापन
विज्ञापन