जनसुरक्षा के मद्देनजर नगर निगम की कार्रवाई : जगदीश रेडियो की दुकान से हटाया 4 ट्रॉली इलेक्ट्रॉनिक कबाड़
Raj Kumar Luniya
Mon, Jun 15, 2026
नगर के व्यस्ततम इलाके नाहरपुरा में जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के अमले ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यहाँ स्थित 'जगदीश रेडियो' की दुकान में सालों से जमा कर रखा गया भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक कबाड़ निगम की टीम द्वारा ज़ब्त कर हटाया गया। टीम ने दुकान से करीब 4 ट्रॉली कबाड़ बाहर निकाला, जिसे जुलवानिया ट्रेंचिंग ग्राउंड भिजवा दिया गया है ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना को टाला जा सके।
सालों से लगा था जोखिम भरा ढेर : जानकारी के अनुसार, जगदीश रेडियो के संचालक द्वारा पिछले कई वर्षों से अपनी दुकान में भारी मात्रा में पुरानी बैटरियां, खराब टीवी, कंडेन्सर और अन्य ज्वलनशील व खतरनाक इलेक्ट्रॉनिक कचरा इकट्ठा करके रखा गया था। बाजार के बीचों-बीच स्थित इस दुकान में रखे कबाड़ के कारण हर वक्त शॉर्ट सर्किट या भीषण आगजनी जैसी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी, जिससे आसपास के व्यापारियों और राहगीरों की सुरक्षा को बड़ा खतरा था।
नोटिस और जनसुनवाई के वादे के बाद भी नहीं चेते संचालक : नगर निगम प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकान संचालक को पूर्व में दो बार कबाड़ हटाने के लिए कानूनी नोटिस जारी किए थे। इसके बाद, मामला कलेक्टोरेट जनसुनवाई में भी पहुँचा था, जहाँ संबंधित पक्ष ने खुद प्रशासन के सामने 10 दिनों के भीतर पूरा कबाड़ हटाने की लिखित सहमति (आश्वासन) दी थी।
समयावधि बीतने पर हुआ एक्शन : जनसुनवाई में दी गई 10 दिन की समयावधि समाप्त होने के बाद भी जब दुकान संचालक द्वारा कबाड़ नहीं हटाया गया, तो नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया। सोमवार को निगम का दस्ता दलबल के साथ मौके पर पहुँचा और पूरी दुकान को खाली कराकर कबाड़ को ज़ब्त कर लिया। निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य दुकानदारों ने राहत की सांस ली है।
Tags :
MUNCIPAL_CORPORATION_RATLAM
विज्ञापन
विज्ञापन