1700 करोड़ की माही परियोजना : 630 गांवों को मिलेगा पेयजल, 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य : Video
Raj Kumar Luniya
Sat, Aug 15, 2026
जिले के ग्रामीण अंचलों में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए झाबुआ सीमा पर निर्माणाधीन माही नदी आधारित पेयजल परियोजना का काम तेजी से जारी है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जल निगम के अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का सघन निरीक्षण किया। लगभग 1700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस योजना से रतलाम जिले के 630 गांवों को नियमित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परियोजना के प्रमुख घटकों—इंटेक वेल, फिल्टर प्लांट और पाइपलाइन निर्माण कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा किया जाए।
2027 के अंत तक पूरा होगा प्रोजेक्ट : कलेक्टर ने बताया कि परियोजना को वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मैदानी स्तर पर आ रही तकनीकी व व्यावहारिक चुनौतियों को समझकर उनका तत्काल निराकरण करना है, जिससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार का विलंब न हो।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना रतलाम जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके चालू होने से 630 गांवों के हजारों परिवारों को पेयजल की किल्लत से स्थायी मुक्ति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन और सैलाना एसडीएम सहित जल निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Tags :
कलेक्टर_रतलाम
माही परियोजना
1700 करोड़
630 गांव
2027 का लक्ष्य
विज्ञापन
विज्ञापन