जावरा में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई : रिटायर्ड शिक्षक से 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार Video
Raj Kumar Luniya
Tue, Jun 9, 2026
मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लोकायुक्त पुलिस उज्जैन ने आज एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रतलाम जिले के जावरा में लोकायुक्त की टीम ने संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (कमला नेहरू) के सहायक ग्रेड-2 (बाबू) अनिल वर्मा को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू ने यह रिश्वत एक सेवानिवृत्त शिक्षक से उनका पीपीओ (PPO) और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में मांगी थी।
रजिस्टर के नीचे छुपाए थे पैसे : मिली जानकारी के अनुसार, जावरा के विश्रामगृह के पीछे रहने वाले लक्ष्मीनारायण लोट (सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक, शासकीय उ.मा.वि. हाटपिपल्या, ब्लॉक जावरा) के सेवानिवृत्ति संबंधी दस्तावेज रोके गए थे। इन्हें जारी करने के बदले बाबू अनिल वर्मा लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन से की।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद आज योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया। जैसे ही आवेदक लक्ष्मीनारायण ने आरोपी बाबू अनिल वर्मा को 10,000 रुपए की राशि थमाई, आरोपी ने रुपए हाथ में लेकर अपनी टेबल की दराज के ऊपर रखे एक रजिस्टर के नीचे छुपा दिए। इसी दौरान मुस्तैद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा। तलाशी लेने पर रिश्वत की रकम रजिस्टर के नीचे से बरामद कर ली गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई : लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के सख्त निर्देशों और पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के प्रभावी मार्गदर्शन में इस सफल ट्रेप कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाले ट्रैप दल में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम शामिल रहे।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी बाबू अनिल वर्मा के खिलाफ 'भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम 2018' की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त की जनता से अपील: लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो डरे नहीं। सजग नागरिक बनकर इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन के मोबाइल नंबर 9425103975 या शासकीय दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर तुरंत करें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
Tags :
भ्रष्टाचार
लोकायुक्त
कार्रवाई
जावरा
विज्ञापन
विज्ञापन