महापौर परिषद का बड़ा फैसला : तीन स्थानों पर कॉमर्शियल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को हरी झंडी
Raj Kumar Luniya
Wed, Sep 30, 2026
महापौर प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में हुई महापौर परिषद की बैठक में शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
माणकचौक सब्जी मंडी के स्थान पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, चांदनी चौक के गोल मार्केट में PPP मोड पर कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स व पार्किंग तथा टीआईटी रोड स्थित निगम की भूमि पर PPP मोड से शॉपिंग मॉल विकसित करने की कार्ययोजना को स्वीकृति दी गई।
माणकचौक सब्जी मंडी के स्थान पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना योजना के तहत विधायक एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के नेतृत्व में तैयार किया गया है। वहीं गोल मार्केट और टीआईटी रोड की भूमि के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी।
बैठक में सुभाष नगर से बोहरा बाखल होते हुए अमृत सागर तालाब तक प्रारंभिक चरण में RCC बॉक्स नाला बनाने की प्रशासनिक स्वीकृति भी दी गई। शहर के अन्य बड़े नालों को भी पक्का करने की कार्रवाई का प्रस्ताव मंजूर किया गया।
इसके अलावा शहर के टू-लेन और फोर-लेन मार्गों के सेंट्रल लाइट पोल पर LED लाइटयुक्त विज्ञापन बोर्ड लगाने के लिए 6 क्लस्टरों में से 5 की प्राप्त उच्चतम निविदा दरों को मंजूरी दी गई। संत रविदास चौक से नमकीन क्लस्टर तथा सायर चबूतरा से शिक्षा विभाग कार्यालय तक के क्लस्टर के लिए पुनः निविदा आमंत्रित की जाएगी।
एमपी-43 फूड प्लाजा की 43 दुकानों में से 27 दुकानों का आवंटन उच्चतम निविदाकारों द्वारा निर्धारित 25 प्रतिशत राशि जमा कराने पर किया जाएगा, जबकि शेष 16 दुकानों के लिए पुनः निविदा होगी।
निगम के 14 अधिकारी-कर्मचारियों को 10, 20 और 30 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर तृतीय समयमान वेतनमान तथा 35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वालों को चतुर्थ समयमान वेतनमान का लाभ देने की स्वीकृति भी दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बंजली में निर्मित LIG फ्लैटों में से तीन का प्रथम आओ, प्रथम पाओ के आधार पर अस्थायी आवंटन किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में संपत्तिकर की दरें यथावत रखने तथा कोठारी मार्केट की दुकान नंबर 49 और 50 को किराये पर देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन