गौवंश हत्या मामला : नहीं हटे अवैध डेरे, आक्रोशित हिंदू समाज ने किया सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ : Video
Raj Kumar Luniya
Wed, Jun 10, 2026
सिविक सेंटर क्षेत्र में हुई गौवंश की निर्मम हत्या के मामले में सर्व हिंदू समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों का आक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद भी तय समय सीमा में कार्रवाई न होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने आज चौराहे पर एकत्रित होकर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
भारी पुलिस बल रहा मुस्तैद : सामूहिक पाठ के दौरान चौराहे पर बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए चौराहे सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
क्या है पूरा मामला ? उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व शहर के सिविक सेंटर क्षेत्र में गौवंश की हत्या का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया था, जहाँ मौके से गौमांस और गाय का सिर बरामद किया गया था। इस घटना के बाद से ही शहर का माहौल गरमाया हुआ है। घटना के तुरंत बाद हिंदू संगठनों ने लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर चक्का जाम कर आरोपियों और मददगारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
प्रशासन के आश्वासन पर नहीं किया अमल, तय समय सीमा बीतने पर भी नगर निगम ने नहीं की कार्रवाई : पूर्व में हुए उग्र प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया था कि 7 दिनों के भीतर क्षेत्र में स्थित सभी अवैध डेरों को हटा दिया जाएगा। इस संबंध में तहसीलदार ने नगर निगम को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तत्काल बुल्डोजर या हटाने की कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए थे। लेकिन हिंदू संगठनों का आरोप है कि समय सीमा बीत जाने के बाद भी नगर निगम ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे समाज में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध डेरे नहीं हटाए गए तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Tags :
गौवंश हत्या
आक्रोशित हिंदू समाज
विज्ञापन
विज्ञापन