गांधी समाज द्वारा आंदोलन की चेतावनी : 200 साल पुराने देवस्थान पर कब्जे से आक्रोश
Raj Kumar Luniya
Thu, Sep 10, 2026
रतलाम ग्रामीण तहसील अंतर्गत ग्राम पंचेड स्थित करीब 200 वर्ष पुराने कुल देवता 'जुझार बावजी' देवस्थान के आसपास शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और आवागमन का मार्ग अवरुद्ध करने का मामला सामने आया है। गांधी समाज के प्रतिनिधियों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर, एसडीएम (रतलाम ग्रामीण) और नायब तहसीलदार टप्पा नामली को एक संयुक्त शिकायत पत्र सौंपकर त्वरित व ठोस कार्रवाई की मांग की है।

समाज के लोगों का कहना है कि उक्त देवस्थान पर पिछले दो शताब्दियों से समाज के 100 से 500 श्रद्धालु नियमित रूप से धार्मिक आयोजनों के लिए एकत्र होते आए हैं। पूर्व में इस परिसर में कोई अतिक्रमण नहीं था, लेकिन बीते कुछ वर्षों से स्थानीय निवासी ठाकुर ओंकारसिंह (अच्युतम सिंह) द्वारा देवस्थान के पास जनरेटर रखकर और सरकारी जमीन पर गुमटी बनाकर उसे किराए पर दे दिया गया है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि हाल ही में देवस्थान की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते को भी अवैध निर्माण कर बंद करने की कोशिश की जा रही है, जिससे महिला व पुरुष श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ में गंभीर व्यवधान हो रहा है। समाजजनों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस शासकीय भूमि से अवैध निर्माण नहीं हटाया, तो समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
मामले की प्रतिलिपि उज्जैन संभाग आयुक्त, पुलिस अधीक्षक रतलाम और थाना प्रभारी नामली को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन