दंपती सहित तीन पर FIR : सिविक सेंटर में अवैध रूप से रह रहे लोग, गोवंश काटने का आरोप
Raj Kumar Luniya
Sat, May 30, 2026
शहर के के राजीव गांधी सिविक सेंटर परिसर में गुरुवार को एक झोपड़ी के पास गाय का कटा सिर मिलने के बाद शहर में भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। इस घटना से हिंदू संगठनों में गहरा आक्रोश फैल गया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
स्टेशन रोड थाना पुलिस ने बजरंग दल के कुंदन गवली की रिपोर्ट पर मोहन (70) पिता राम साथिया, उनकी पत्नी कापूबाई और रेशमबाई पति बच्चा साथिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इन तीनों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक अन्य संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, सिविक सेंटर स्थित पानी की टंकी के पास बनी अवैध झोपड़ियों में गोमाता का सिर कटा हुआ मिला था।प्रभारी सीएसपी अजय सारवान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गौवध प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
5 घंटे तक ठप रहा था यातायात : घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए थे। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने गाय के कटे सिर को लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर रखकर चक्काजाम कर दिया था। दोपहर 1 बजे शुरू हुआ यह उग्र विरोध प्रदर्शन शाम करीब 6 बजे तक चला, जिससे यातायात पूरी तरह ठप कर दिया था। अंततः, प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा 7 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए थे।
नगर निगम और प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल : हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर नगर निगम और स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। बताया गया है कि साथिया समाज के लोग पिछले कई सालों से इस क्षेत्र की सरकारी और कुछ निजी जमीनों पर अवैध रूप से झोपड़ियां बनाकर रह रहे हैं। पूर्व में नगर निगम ने इन्हें हटाने के लिए नोटिस तो जारी किए, लेकिन कार्रवाई कभी कागजों से आगे नहीं बढ़ी।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि साल भर पहले भी नगर निगम का अमला इन्हें हटाने पहुंचा था, लेकिन बिना किसी ठोस कार्रवाई के वापस लौट आया। यदि समय रहते इस अवैध अतिक्रमण को हटा दिया जाता, तो आज शहर में ऐसी अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं होती।
Tags :
गौ वध प्रतिषेध अधिनियम
हिंदू संगठन
विज्ञापन
विज्ञापन