: मैं फालतू बातें नहीं करता अपना समय विकास के कामों में लगाता हूं : काश्यप
Thu, Nov 9, 2023
रतलाम 8 नवंबर।
''इस मंच पर मैं तीसरी बार अगले पांच वर्ष की दृष्टि, रतलाम को क्या चाहिए, उसके लिए यहां आया हूं। बीते दस वर्ष में किए गए कार्य आपके सामने है। आप सब जानते है कि मैं फालतू की बातें नहीं करता हूं। मैं अपना समय विकास में लगाता हूं।'' यह बात भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने बुधवार रात धानमंडी में आयोजित विशाल आमसभा में कही।
श्री काश्यप ने कहा कि ''अब की बार 56 पार का नारा'' कार्यकर्ताओं ने दिया है। कार्यकर्ताओं ने मोदी जी के प्रतीकात्मक 56 इंच के सीने की बात को लेकर उनके प्रति जो कृतज्ञता ज्ञापित करना है, उसके लिए नारा निकाला है कि रतलाम मोदी जी का कृतज्ञ है और 56 हजार से जीत दिलाकर रहेगा। श्री काश्यप ने कहा कि विधायक बनने के बाद मेडिकल कॉलेज शुरू कराया, जिसका लाभ कोरोना काल में रतलाम ही नहीं पूरे अंचल की जनता को मिला।
श्री काश्यप ने कहा कि नारे लगाने और भाषण देने से काम नहीं होता है। मैंने कहा था कि हम रतलाम को झुग्गी मुक्त बनाएंगे। आज 6 हजार चिन्हित परिवारों में से 3500 परिवारों को पक्के आवासों में पहुंचाया है। मेगा इंडस्ट्रीयल पार्क रतलाम की दशा और दिशा बदलेगा। कमल का फूल मेरी गारंटी और भाजपा मेरी वारंटी है। 4 दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी जी ने भी कहा है कि रतलाम मालवा का देश और दुनिया में सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र बनेगा। अब इसे कोई नहीं रोक सकता है। हमारा प्रयास है कि अगले पांच वर्ष में दुनिया के बड़े-बडे़ उद्योगपतियों को रतलाम लाकर उद्योग चालू कराए। इससे 1.75 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। महानगर भाषण से नहीं बनता है, उसके लिए प्रयास करना पड़ते है और उन्हे धरातल पर उतारना पड़ता है। गोल्ड काम्प्लेक्स निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है।
: अवैध और अविकसित कॉलोनियों में नियमिति करण होते ही शुरू हुए विकास कार्य : चेतन्य काश्यप
Wed, Nov 8, 2023
रतलाम 7 नवंबर।
भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप के जनसंपर्क के साथ ही नुक्कड़ सभाएं भी जारी है। मंगलवार शाम को दो वार्ड में जनसंपर्क के बाद श्री काश्यप द्वारा चार वार्डों में पहुंचकर नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके द्वारा रतलाम में बीते दस वर्षों में किए गए विकास कार्यों के बारे क्षेत्रवासियों को बताया और भविष्य के रतलाम की जानकारी भी दी। श्री काश्यप द्वारा वार्ड क्रमांक 9 में त्रिलोक नगर मेन रोड, वार्ड 19 में दीनदयाल नगर झुग्गी बस्ती, वार्ड 21 में सिलावटों का वास हरिजन बस्ती और वार्ड क्रमांक 20 सैफीनगर, श्रीनगर में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया।
भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कायाकल्प योजना के तहत हनुमान ताल तक जाने के लिए दोनों सड़कों का निर्माण हो रहा है। अवैध और अविकसित कॉलोनी की समस्या थी। इस संबंध में कानून बनाए जाने के बाद अब इन कॉलोनी में विकास कार्य शुरू हो चुके हैं। वार्ड क्रमांक 9 में 16 करोड़ के विकास कार्य हो रहे है। एक ही वार्ड में इतनी राशि के काम होना बड़ी बात होती है। शहर की प्रमुख सड़कों को सिटी फोरलेन में बदला गया है, वरना इन सड़कों पर जाम लगता था। यदि यह नहीं बनाते तो जाम की समस्या खत्म नहीं होती। रतलाम में जो मेगा इंडस्ट्रियल पार्क बन रहा है। इससे देश और दुनिया में रतलाम का नाम प्रसिद्ध औद्योगिक नगरी के रूप में जाना जाएगा। इसके माध्यम से यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। रतलाम में विकास की धारा को और अधिक प्रवाहित करने के लिए आपके 100 प्रतिशत मतदान की आवश्यकता है।
महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि हम जुमलेबाजी नहीं बल्कि सच्ची बात कहने आपके सामने आए हैं। महापौर चुनाव के दौरान हमने आपसे विकास की जो बात कही थी, उसे पूरा किया है। बीते सवा साल के कार्यकाल में नगर निगम द्वारा आपके वार्ड में करोड़ों के विकास कार्य स्वीकृत किए हैं, जिनमें से कई कार्य शुरू हो चुके हैं और कुछ काम शुरू होना बाकी है। पूरे शहर में विधायक जी के मार्गदर्शन में 260 करोड़ के कार्यों को शुरू किया गया है, जो अपने आप में इतिहास है। जब आपके क्षेत्र में विकास नहीं था, उस समय भी आपने भाजपा पर विश्वास किया और अब तो आपके काम हो रहे हैं तो आपका आशीर्वाद भाजपा के साथ ही रहना चाहिए। नुक्कड़ सभा को विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिला चुनाव संयोजक बजरंग पुरोहित, विधानसभा सह संयोजक प्रेम उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, कृष्णा कुमार सोनी, क्षेत्रीय पार्षद निशा सोमानी, संगीता सोनी, कविता चौहान, पवन सोमानी, संजय पांडे, नंदकिशोर पंवार, प्रवीण सोनी, सुशील सिलावट, अभिषेक ऊंटवाल आदि मंचासीन रहे।
: सराफा व्यापारियों की परेशानी से चुनाव प्रभारी को कराया अवगत
Mon, Oct 30, 2023
रतलाम 29 अक्टूबर।
विधानसभा चुनाव में आचार संहिता के निर्देशों के चलते सराफा व्यापारियों तथा आमजनता की परेशानी को देख विधानसभा प्रत्याशी एवं चेतन्य काश्यप ने केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव को पत्र लिखा है। पत्र में श्री काश्यप ने बताया कि सराफा व्यापारियों द्वारा वैध बिल प्रस्तुत करने के बाद भी उनका माल नहीं छोड़ा जा रहा है। इससे परेशान होकर सराफा व्यवसायियों ने 31 अक्टूबर तक उनकी समस्या हल नहीं होने पर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की बात कही है। श्री काश्यप ने चुनाव प्रभारी श्री यादव से आयोग एवं उचित स्थान पर चर्चा कर व्यापारियों तथा आम जनता को हो रही परेशानी से तत्काल मुक्ति दिलाने का अनुरोध किया है।
श्री काश्यप ने बताया कि रतलाम का सराफा व्यवसाय देशभर में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका रखता है लेकिन वर्तमान में यहां के सराफा व्यापारियों को चुनाव जांच के नाम पर कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न शासकीय एजेंसियों द्वारा जांच के नाम पर सराफा व्यापारियों एवं आमजनता जो कि सामान्य खरीददार है, उनके माल को जब्त किया जा रहा है। इससे रतलाम का सराफा व्यवसाय बूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। श्री काश्यप ने चुनाव प्रभारी से सराफा व्यवसायियों सहित आमजन का जो भी माल वैध है, उसे तत्काल उन्हे सुपुर्द किया जाए। इस संबंध में आयोग से चर्चा कर व्यापारियों को राहत दिलाए जाने की बात कही है।