: कलेक्टर ने कराई पार्षदों में सुलह व जनहित में कार्य करने की दी नसीहत
Fri, Apr 21, 2023
रतलाम
20 अप्रैल 2023/
जिले की नगर परिषद बड़ावदा में विगत दिनों से पार्षदगणों के मध्य उत्पन्न आपसी मनमुटाव, आरोप-प्रत्यारोप, दुराभाव को लेकर एक समन्वयकारी सद्भावना बैठक गुरुवार को कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के साथ कलेक्टर कक्ष में आयोजित हुई जिसमें नगर परिषद के अध्यक्ष उपाध्यक्ष के साथ-साथ समस्त पार्षदगण उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा समस्त पार्षदगणों को शासन की गाइड लाइन, शासन के नियम, उपनियमो की जानकारी दी गई। शासकीय प्रावधानों के अनुसार कार्य संपादन से अवगत कराया। इस दौरान कलेक्टर ने समस्त पार्षदों की बात तथा प्रकाश में लाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना।
कलेक्टर ने पार्षदों को बताया कि नियमों के दायरे में किस प्रकार पार्षदगण जनहित में उचित निर्णय सर्वसम्मत तरीके से ले सकते हैं। दूषित, कलुषित भावना से ग्रसित हुए बगैर एक दूसरे के सम्मान के साथ अच्छी कार्यशैली अपना सकते हैं। उचित कार्य संपादन, संचालन के समस्त बिंदुओं से कलेक्टर ने पार्षदगणों को अवगत कराया। आमजन के लिए बेहतर कार्य करने का आग्रह किया।
पार्षदगणों द्वारा कलेक्टर की बात सुनकर आपसी सद्भावना एवं सम्मान के भाव के साथ कार्य करने का सर्वसम्मत भाव व्यक्त किया गया। सभी पार्षदों ने एक स्वर में आश्वस्त किया कि वे दूषित भावना से दूर रहकर नगर विकास में संपूर्ण योगदान देंगे। नगर परिषद के गरिमा के साथ संचालन में अग्रसर रहेंगे।
: दुगना करने का लालच देकर की लाखो की ठगी कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
Wed, Apr 19, 2023
रतलाम 18 अप्रैल 2023/
जिला स्तरीय जनसुनवाई में मंगलवार को 5 लाख 90 हजार रुपये धोखाधड़ी का प्रकरण कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के सामने आया। शिकायत करने वाली महिला श्रीमती दीपाली बुचके तथा श्रीमती किरण आप्टे निवासी लक्ष्मण पुरा रतलाम को कलेक्टर ने सांत्वना दी और तहसीलदार शहर को बुलाकर तत्काल जांच करके कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
शिकायतकर्ता महिलाओं द्वारा बताया गया कि इन्वेस्टमेंट एवं रुपए दुगना करने का लालच देकर उनसे 5 लाख 90 हजार रूपए की ठगी कर ली गई है। ग्राम खेरवासा के प्रकाश सीताराम ने आवेदन दिया कि वह भूमिहीन है। प्रार्थी के पिता और दादा की मृत्यु भूमि पर कब्जा कर लिया। प्रार्थी को न्याय दिलाने के लिए तहसीलदार जावरा को निर्देशित किया गया। कालिका माता परिसर के बाल किशन यादव ने शिकायत की कि उसका मकान के पीछे पड़ोसी द्वारा बिना परमिशन के मकान बनाया जा रहा है। बिना परमिशन के ट्यूबवेल भी खनन करवा लिया, कार्रवाई की जाए। आवेदन पर नगर निगम के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में जिले की ग्राम पंचायत मानपुरा बाजना में फर्जी तरीके से अमृत सरोवर, बोल्डर संरचना, डूंगरी पाड़ा, मानपुरा, चिकली, राजाखोरा, भूरिया का माल, हांडी खोरा में फर्जी तरीके से बिल लगाकर मस्टर रोल ग्राम पंचायत सचिव के परिवार के लोगों का नाम मस्टर में डालकर पैसे निकाले जाने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की गई। कार्रवाई के संबंध में जनपद सीईओ बाजना को निर्देशित किया गया। खान बावड़ी रतलाम के निवासियों द्वारा शिकायत की गई कि मोहल्ले में लकड़ी चीरने एवं रंदा लगाने की मशीनें लगी है जो सुबह से देर रात तक चलती है। पूरे दिन आवाजे आती हैं बच्चों की पढ़ाई और जीवन यापन मुश्किल हो गया। छोटे बच्चों का सोना मुश्किल हो गया। लकड़ी का बारीक बुरादा पूरे मोहल्ले में उड़ता रहता है। आवेदन पर कार्रवाई के संबंध में एसडीएम रतलाम को निर्देशित किया गया।
तहसील रतलाम के ग्राम नंदलाई निवासी नंदराम डोडियार द्वारा आवेदन दिया गया कि उसके पिता द्वारा जमीन पर सेंट्रल ग्रामीण बैंक धोसवास से 50 हजार रुपए का लोन वर्ष 2007 मे दिया गया था जिस पर से बैंक द्वारा राशि नहीं भरने पर 4 दिसंबर 2018 को नोटिस दिया गया। इसके बाद हमारे पास कोई नोटिस नहीं आया। जिस समय हमारे पास रूपए नहीं थे, बैंक वाले बैंक में बुलाते हैं घर आकर पिताजी को लोन भरने के लिए डराते हैं, कृपया निदान किया जाए। आवेदन पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
ग्राम आजमपुर डोडिया के चेनराम ने आवेदन दिया कि वह मजदूरी का काम करता है। मजदूरी के लिए अपने ससुराल चला गया था, उसकी झोपड़ी ग्राम आजमपुर डोडिया में हैं जिसका कुछ समय से पंचायत में टैक्स नहीं बनने के कारण पंचायत द्वारा सरकारी घोषित कर दी गई थी। आज फिर से पंचायत में टैक्स भरकर मेरी झोपड़ी मेरे नाम से कर दी जाए, मुझे रहने का स्थान मिल जाएगा। आवेदन पर जनपद पंचायत पिपलोदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया गया। जावरा निवासी नीतू कल्याणी ने आवेदन दिया कि उसके पुत्र रितिक का उपचार चल रहा है आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है, उपचार जारी है अब पैसे नहीं है। आयुष्मान कार्ड नहीं चल रहा है, आर्थिक सहायता दी जाए। आवेदन पर मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी को निराकरण के लिए निर्देशित किया।
इसी प्रकार रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी रतलाम की प्रमिला यादव द्वारा आवेदन दिया गया कि उसका पुत्र वेदप्रकाश बीमारी से ग्रसित है, बड़ौदा में उपचार चल रहा है। ऑपरेशन का बताया गया है, पुत्रवधू का इलाज भी बड़ौदा में चल रहा है उसका भी ऑपरेशन करवाना है। अतः पुत्र एवं पुत्रवधू दोनों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की जाए। आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी को दिशा निर्देशित किया गया।
: रतलाम जिले के 38 आरक्षक बनाए गए कार्यवाहक प्रधान आरक्षक
Tue, Apr 18, 2023
मध्य प्रदेश शासन के राजपत्र और पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी जीओपी के अनुसार स्थानापन्न रूप से प्रदेश के समस्त जिलों में "कार्यवाहक" तौर पर उच्च पद का प्रभार देने के संबंध के निर्धारित प्रक्रियानुसार पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा रतलाम जिले के पदस्थ 38 आरक्षकों को स्थानापन्न रूप से "कार्यवाहक" तौर पर उच्च पद( प्रधान आरक्षक) का प्रभार दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री बहुगुणा द्वारा सभी कार्यवाहक प्रधान आरक्षकों को उच्च पद प्राप्त पर शुभकामनाएं दी साथ ही कार्यवाहक के तौर पर नवीन जिम्मेदारियों व कर्तव्यों के पालन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। श्री बहुगुणा द्वारा बदलते परिवेश में पुलिस की कार्यप्रणालियो और एवं जनता की पुलिस से अपेक्षाओ के बारे में भी अवगत कराकर अपनी जिम्मेदारियों को भी बताया। इस मौके पर जिले के रक्षित निरीक्षक व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
https://youtu.be/gMQmpII_98I