पत्रकारिता जगत के एक युग का अंत : वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी नहीं रहे, 78 की उम्र में निधन
Raj Kumar Luniya
Mon, Aug 10, 2026
वरिष्ठ पत्रकार, रतलाम प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के वरिष्ठ नेता श्री शरद जोशी का रविवार, 9 अगस्त को 78 वर्ष की आयु में इंदौर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही रतलाम सहित संपूर्ण मध्य प्रदेश के मीडिया एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा सोमवार, 10 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे उनके निज निवास, पैलेस रोड से निकलेगी।
विभिन्न सामाजिक एवं सहकारी संस्थाओं का संभाला नेतृत्व : पत्रकारिता के साथ-साथ श्री जोशी सामाजिक और सहकारिता क्षेत्र में भी अत्यंत सक्रिय रहे। वे नागरिक बैंक एवं जिला सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष रहने के साथ ही रेडक्रॉस सोसाइटी के वरिष्ठ संचालक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे।

पत्रकारों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष : शरद जोशी केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और पत्रकारों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले सशक्त व्यक्तित्व थे। उन्होंने सदैव सामाजिक सरोकारों को सर्वोपरि रखा और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रखर आवाज उठाई।
उन्होंने अपने लंबे अनुभव से कई पीढ़ियों के युवा पत्रकारों का मार्गदर्शन किया। उनके निधन को प्रदेश के मीडिया जगत ने एक अपूरणीय क्षति बताया है, जिससे साहस, संघर्ष और सिद्धांतों पर आधारित पत्रकारिता के एक दौर का अंत हो गया है।
Tags :
श्रद्धांजलि
आजीवन संघर्ष
पत्रकारिता
विज्ञापन
विज्ञापन