इंसानियत की मिसाल : अनिका के इलाज के लिए एकजुट हुए रतलाम के समाजसेवी और युवा
Raj Kumar Luniya
Mon, Feb 16, 2026
दुर्लभ बीमारी से जूझ रही नन्ही अनिका को नया जीवन देने के लिए अब रतलाम शहर भी पूरी मजबूती के साथ आगे आया है। अनिका के इलाज के लिए आवश्यक भारी-भरकम राशि जुटाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न वर्गों ने अपनी सहभागिता शुरू कर दी है।
इसी कड़ी में, रतलाम के मदन सोनी ने कल अनिका से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अनिका की स्थिति देखकर भावुक हुए श्री सोनी ने तत्काल 1 लाख रुपये का चेक सहायता स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने घोषणा की है कि 17 फरवरी से रतलाम में अनिका की मदद के लिए एक वृहद जन-अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जा सके।

शिक्षा जगत से भी मदद के हाथ बढ़े हैं। कोचिंग क्लासेस संचालक रवि दांगी ने भी अनिका को चेक सौंपकर आर्थिक मदद की। इसके साथ ही उन्होंने शहर के अन्य सभी कोचिंग संचालकों से भावुक अपील की है कि वे इस संकट की घड़ी में आगे आएं और मासूम अनिका के बेहतर इलाज के लिए अपना योगदान दें।
वहीं, एनएसयूआई (NSUI) के अध्यक्ष रजत पटेल ने भी अनिका से भेंट की और भंवरकुआं चौराहे से सहायता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने संकल्प लिया कि उनकी टीम लगातार इस कैंपेन को जारी रखेगी और जन-जन से अपील कर इलाज के लिए अधिकतम राशि एकत्रित करेगी।

बता दें कि अनिका एसएमए (SMA Type-2) जैसी गंभीर बीमारी से लड़ रही है, जिसके इलाज के लिए करोड़ों रुपये के इंजेक्शन की आवश्यकता है। अब रतलाम वासियों का यह जज्बा अनिका के परिवार के लिए उम्मीद की एक नई किरण लेकर आया है।
Tags :
Blood_Donation
SOCIAL_WORK
SMA Type-2
Baby_Aanika
विज्ञापन
विज्ञापन