: हाईटेक विधानसभा में सैलाना विधायक ने किये शतप्रतिशत आनलाईन सवाल
Sun, Feb 26, 2023
रतलाम। प्रदेश की विधानसभा को हाईटेक बनाते हुए इस बार पहली बार सभी विधायकों को टेबलेट पर बजट दिया जाएगा वहीं आॅनलाईन प्रश्न लगाने के लिए भी विधायकों को प्रोत्सहित किया गया। इस सत्र में शत प्रतिशत आॅनलाईन प्रश्न लगाने के मामले में जिले से सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत( गुड्डू ) ने बाजी मारी है।मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 27 फरवरी से शुरू हो रहा हैं। इस दौरान सदन में 13 बैठके होगी। प्रतिदिन के प्रश्नकाल के लिए विधायकों को आॅनलाईन एवं आॅफलाईन प्रश्न लगाने का विकल्प दिया है। इस सत्र में कुल 3704 प्रश्न विधायकों ने लगाए हैं। इसमें सर्वाधिक आॅनलाईन 1870 प्रश्न विधायकों ने लगाए है , जो कुल आफ लाईन प्रश्न 1834 से ज्यादा है। यह दिसंबर 2016 से आॅनलाइन सुविधा शुरू होने के बाद पहली बार है जब आॅनलाइन प्रश्न की संख्या आॅफलाइन प्रश्न से ज्यादा हैं।
हर्ष विजय गेहलोत के 48 आनलाईन प्रश्न
प्रदेश के जिन 9 विधायकों ने अपने 100 प्रतिशत प्रश्न आॅनलाइन लगाए है , इनमें कुँवर रविन्द्र सिंह तोमर भिड़ौसा, हर्ष यादव, श्रीमती कल्पना वर्मा, लखन घनघोरिया, राज्यवर्धन सिंह , प्रताप ग्रेवाल, डॉ. हिरालाल अलावा, हर्ष विजय गेहलोत, यशपाल सिंह सिसोदिया शामिल हैं। रतलाम जिले से एक मात्र सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत है जिन्हानें अपने सभी 48 प्रश्न आॅनलाईन लगाए हैं। विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने बताया 48 प्रश्नों में पशुपालन ,पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जलसंधासन , शिक्षा ,महिला एवं बाल विकास ,पीएम सड़क योजना सहित अनेक विभागो से संबधित प्रश्न लगाए गए हैं जिनसे जनता को लाभ हो सके।
: भाजपा की आत्मा, प्राण, पूँजी व रीढ़ है कार्यकर्ता : संभाग प्रभारी आलोक शर्मा
Wed, Feb 22, 2023
रतलाम, 22 फरवरी। कार्यकर्ता भाजपा की आत्मा है, प्राण है, पूँजी है, रीढ़ की हड्डी है। कार्यकर्ताओं के दम पर ही आज भाजपा खड़ी है और देश एंव दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता कुछ पाने के मकसद से नहीं आता, अपितु पार्टी के माध्यम से सेवा के संकल्प को पूरा करने आता है। हम लोग लेना बैंक नहीं है, हम तो देना बैंक है। भाजपा कभी नेताओं की पार्टी नहीं रही, कार्यकर्ता ही उसका आधार है। प्रदेश में विधानसभा के चुनाव की घण्टी बज गई है। कार्यकर्ता प्रदेश में फिर से मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान और उसके बाद देश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाएगे।
यह बात भाजपा के संभाग प्रभारी आलोक शर्मा ने रंगोली सभागार में जिला भाजपा की कामकाजी बैठक में कही। इस दौरान जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा, विधायक चेतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मौर्य, के.के.सिंह कालूखेड़ा, निमिष व्यास, आलोट विधानसभा प्रभारी सुभाष चौधरी मंचासीन रहे। बैठक का शुभारम्भ पार्टी के पितृ पुरूष प. दीनदयाल उपाध्याय, डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया। जिलाध्यक्ष श्री लुनेरा ने स्वागत भाषण दिया।
संभाग प्रभारी श्री शर्मा ने भाजपा के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि जन संघ से भाजपा तक पार्टी लम्बा संघर्ष कर इस मुकाम पर पहुँची है। पूर्वजों ने जिलों और मण्डलों तक संगठन को खड़ा किया है, अब मण्डलों से आगे इसका विस्तार करने की जिम्मेदारी हम सबकी है। शक्ति केन्द्र और बूथों पर पार्टी मजबूत होगी तभी आने वाले चुनाव में पार्टी 51 प्रतिशत मत का लक्ष्य पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं देश में कई जनकल्याणकारी योजनाएं चल रही है। कार्यकर्ता इन्हें जन-जन तक ले जाए। भाजपा में कार्यकर्ता राष्ट्रवाद के भाव से राष्ट्र के उत्थान के लिए आता है। श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संगठन संरचना में आचरण, टीम भावना, संवाद, विश्वसनीयता, कार्यसंपदा, सहयोग भाव, सहज उपलब्धता, सादगी, निर्भिकता का निर्माण करने का आव्हान किया। उन्होंने रायचंदों, ज्ञानचंदों और हुकुमचंदों से बचने की सीख देते हुए पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने की बात कही।
जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने बताया कि बैठक में संभाग प्रभारी श्री शर्मा ने 23 फरवरी को सभी मण्डलों में बैठके आयोजित करने, 24 फरवरी को शक्ति केन्द्र की बैठके रखने और 26 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी जी के ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम का आयोजन करने के निर्देश दिए। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु द्वारा लोकसभा में दिए गए संबोधन का 20 मार्च तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने का कार्य करने को कहा। बैठक में जिला प्रभारी श्री पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुटने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक पार्टी मजबूत करेंगे, तभी ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ का संकल्प पूरा होगा। जिला सह मीडिया प्रभारी निलेश बाफना ने बताया कि बैठक का समापन राष्ट्रगान कर किया गया। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, मण्डल महामंत्री, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री व प्रकोष्ठ के जिला संयोजकगण उपस्थित रहे।
: अहाते बन्द करने पर मुख्यमंत्री को देंगे धन्यवाद : विधायक काश्यप
Mon, Feb 20, 2023
रतलाम, 20 फरवरी 2023।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा नवीन आबकारी नीति 2023 लागू किए जाने से चारों ओर हर्ष व्याप्त है। उक्त नीति लागू होने से शराब के अहातें और बार शॉप पर शराब पीने की व्यवस्था बन्द होगी, साथ ही धार्मिक स्थल, शैक्षणिक संस्थान और छात्रावासों से इसकी दूरी भी अब 200 मीटर रहेगी। मुख्यमंत्रीजी द्वारा उठाए गए कड़े कदम को लेकर शहर में मंगलवार को दोपहर 2ः00 बजे स्टेडियम मार्केट चौपाटी पर सभा आयोजित कर धन्यवाद दिया जाएगा, सभा के बाद रैली भी निकाली जाएगी।
विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल की उपस्थिति में सोमवार को धन्यवाद सभा एवं रैली की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई। इसमें भाजपा नेता मनोहर पोरवाल, सिटी इंजीनियर सुरेश व्यास और श्याम सोनी उपस्थित रहे। श्री काश्यप ने बताया कि शराब को हतोत्साहित करने के लिए जो निर्णय मुख्यमंत्रीजी द्वारा लिया गया उससे हर वर्ग में खुशी व्याप्त है। विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चियों के हित में लिए गए निर्णय को लेकर मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा। कार्यक्रम में समाजसेवी संगठनों के साथ ही जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
नवीन आबकारी नीति लागू होने से मुख्य रूप से महिलाओं की सुरक्षा बढ़ने के साथ इससे जुड़ी अन्य बिन्दुओं की जानकारी भी सभा के माध्यम से दी जाएगी। धन्यवाद सभा के बाद रैली निकलेगी, जिसमें महिलाएं धन्यवाद पट्टीका लेकर शामिल होगी। रैली का आयोजन दो बत्ती चौराहा पर मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय तक होगा। रैली में मुख्य रूप से सामाजिक संगठन, स्वंयसेवी संगठन, जनप्रतिनिधि, आमजन सहित विशेष रूप से महिलाएं उपस्थित रहेगी।