: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, जिले में नलकूप बोरवेल खुले नहीं रखे जाएंगे अन्यथा होगी सख्त कार्रवाई
Wed, Dec 27, 2023
रतलाम 26 दिसम्बर 2023/
बैठक में जिले में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा ब्लैक स्पॉट निवारण कार्रवाई के संबंध में बताया गया कि जिले में कुल 11 ब्लैक स्पॉट थे, लेबड-जावरा मार्ग पर 6 तथा जावरा-नयागांव मार्ग पर पांच थे। वर्ष 2022 की ब्लैक स्पॉट सूची में लेबड-जावरा मार्ग के ब्लैक स्पॉट, बाजेडा फाटा कंसेशनायर द्वारा किए गए उपायों के पश्चात ब्लैक स्पॉट सूची से बाहर निकल गया है। इस तरह अब लेबड-जावरा मार्ग पर 5 ब्लैक स्पॉट तथा जावरा-नयागांव मार्ग पर पांच ब्लैक स्पॉट है। लेबड-जावरा-नयागांव फोरलेन मार्ग के सभी ब्लैक स्पॉट पर रंबल स्ट्रिप बार, मार्किंग साइन बोर्ड, एमसीबी रिपेयर, ज़ेबरा क्रॉसिंग कैट, आई फिक्सिंग, सोलर ब्लिंकर इत्यादि सभी उपाय कर दिए गए हैं। सातरूंडा चौराहे पर सर्विस रोड का निर्माण भदवासा फंटा एवं हसन पालिया पर यातायात सुरक्षा हेतु मीडियम कट पर स्टोरेज लेन का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। परवलिया डेरा पर स्टोरेज लेने का निर्माण भी हो चुका है। सभी ब्लैक स्पॉट लगातार संधारित किए जा रहे हैं।
यातायात पुलिस द्वारा गुड सेमरिटन नेक आदमी योजना की जानकारी दी गई जिसके अंतर्गत सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल को यदि सही समय पर नेक व्यक्ति द्वारा उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जाता है और उसकी उपचार से जान बच जाती है तो उसे व्यक्ति को मध्यप्रदेश शासन द्वारा 5 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाती है एवं सम्मानित भी किया जाता है जिससे लोग प्रोत्साहित होकर सेवा के लिए आगे आएंगे। उक्त योजना के प्रचार प्रसार के लिए व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा बैठक में रतलाम शहर में दो बत्ती तथा अन्य क्षेत्रों में की गई ई-चालान व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा गया कि आगामी दिनों जावरा में भी ई-चालानी व्यवस्था की जाएगी। बैठक में रतलाम शहर में पार्किंग स्थल, सब्जी मार्केट स्थानांतरण, यातायात सिग्नल पर लेफ्ट टर्न कार्य पर भी चर्चा की गई।
जिले में नलकूप बोरवेल खुले नहीं रखे जाएंगे अन्यथा होगी सख्त कार्रवाई धारा 144 के तहत आदेश जारी
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री भास्कर लाक्षाकार द्वारा दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है जिसके तहत जिले में कोई भी संस्था या व्यक्ति नलकूपों, बोरवेल को खुला नहीं रखेगा अन्यथा उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त आदेश जिले में आमजन की सुरक्षा एवं कोई भी अप्रिय स्थिति निर्मित होने से रोकने हेतु तत्काल प्रभाव से जारी किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि जिले में जिन बावड़ियों पर अवैधानिक रूप से निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया गया है, कोई निर्माण आदि कर लिया गया हो उन्हें सुरक्षा के लिए जाली, बाउंड्रीवॉल इत्यादि का निर्माण कर सुरक्षित किया जाए। शहरी क्षेत्र में संबंधित नगरीय निकाय तथा ग्रामीण क्षेत्र में संबंधित ग्राम पंचायत सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिबंधात्मक आदेश का सख्ती से पालन हो अन्यथा की स्थिति में संबंधित दोषी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध नियम अनुसार कार्रवाई हेतु संबंधित थाने को सूचित करेंगे।
: दिशा समिति : जो ठेकेदार काम नहीं कर रहे हैं उनके विरुद्ध FIR करवाएं
Wed, Dec 27, 2023
रतलाम 26 दिसम्बर 2023/
बैठक में सांसद श्री डामोर ने निर्देश दिए कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अपने नल जल योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान यह सुनिश्चित करें कि जो लाइन खुदाई की गई है उन्हें समय सीमा में भर जाए, उनमें पशु अथवा मनुष्यों के गिरने का खतरा नहीं हो। जनप्रतिनिधि द्वारा शिकायत की गई कि विभाग द्वारा खुदाई पश्चात लाइन भरने का ध्यान बिल्कुल नहीं रखा जा रहा है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विभाग अपनी कार्यप्रणाली को सुधार करते हुए जहां भी शिकायत आ रही है वहां जाकर देखें, उसका निराकरण करें। सांसद ने निर्देश दिए कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा मौके पर निरीक्षण के पश्चात जनप्रतिनिधि को फोन लगाकर की जाने वाली कार्रवाई के संबंध मे जानकारी दी जाना चाहिए।
विधायक डा. चिंतामणि मालवीय ने कहा कि जो ठेकेदार कार्य नहीं करते उनके पेमेंट रोक दिए जाना चाहिए। जन आवश्यकता अनुसार विभाग कार्य करें। विधायक श्री कमलेश्वर डोडियार ने सैलाना क्षेत्र के मकोडिया रुंडी तथा बाजना क्षेत्र के ग्राम छावनी जोड़िया में पेयजल टंकी में पानी नहीं होने की और ध्यान आकर्षित किया। जिले के कई क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों द्वारा नल जल योजना के तहत पाइप लाइन तथा नल कनेक्शन में समस्या की जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में सांसद श्री डामोर द्वारा विभाग को नामली में प्रधानमंत्री आवास की किस्त नहीं मिलने, सांसद प्रतिनिधि श्री प्रदीप चौधरी द्वारा ग्राम नांदलेटा में किस्त नहीं मिलने की जानकारी देते हुए चर्चा की गई, विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। ग्राम बांगरोद में मंदिर पर प्रत्येक ग्यारस को लगने वाले मेले के दृष्टिगत सांसद द्वारा ग्रामीण विकास विभाग को सामुदायिक शौचालय निर्माण के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार विधायक श्री मथुरालाल डामर ने बांगरोद में खाटू श्याम मंदिर पर पार्किंग के लिए भूमि आवंटन पर चर्चा की और विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन पीएम पोषण शक्ति योजना पर भी चर्चा की गई। सांसद आदर्श ग्राम योजना में जनपद सैलाना तथा जनपद जावरा को आवश्यक निर्देश दिए गए। विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय द्वारा शिकायतों फर्जी बिलिंग एवं गबन के मद्दे नजर आलोट क्षेत्र में ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर को हटाने के निर्देश डीपीसी को दिए।
सांसद श्री डामोर द्वारा बाजना के कुंदनपुर तथा रावटी क्षेत्र में छात्रावासों की खराब हालत पर चर्चा करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश ट्राइबल विभाग को दिए। विधायक श्री कमलेश्वर ने भी रावटी क्षेत्र में छात्रावास की खराब स्थिति पर जानकारी दी। शिक्षा विभाग की समीक्षा में सांसद श्री डामोर द्वारा इस बात पर नाराजगी व्यक्त की गई कि आईसीटी योजना अंतर्गत स्थापित कंप्यूटर लैब में नियुक्त टीचर बच्चों को ठीक से कंप्यूटर नहीं सीख रहे हैं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि कंप्यूटर लैब की जानकारी सूचीबद्ध करके जनप्रतिनिधि को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सांसद द्वारा स्मार्ट क्लासेस भी ठीक ढंग से जिले में कहीं भी संचालित नहीं होने की बात कहते हुए शिक्षा विभाग के प्रति सख्त नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित ट्रेड्स पर जानकारी लेते हुए पदों की समुचित पूर्ति के निर्देश विभाग को दिए।
सांसद श्री डामोर द्वारा शिक्षा विभाग को यह भी निर्देशित किया गया कि आगामी सत्र से जिले के विद्यालयों में योग्य अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था के लिए नियोजित ढंग से कार्य किया जाए। पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल ने सैलाना क्षेत्र में पुराने शासकीय भवनों की खराब हालत की जानकारी दी। विधायक श्री डामोर ने रतलाम ग्रामीण में ग्राम छतरी के स्कूल भवन में क्लास चालू नहीं होने की जानकारी दी। सांसद श्री डामर द्वारा शिक्षा का अधिकार अधिनियम की समीक्षा करते हुए डीपीसी को निर्देशित किया कि अधिनियम के तहत विभिन्न स्कूलों में प्रवेश कराए गए बच्चों की सूची उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि शिकायत मिली है कि गरीब बच्चों को कुछ स्कूलों में प्रवेश नहीं मिल पाया है जिनके विरुद्ध कार्रवाई की जाना है। श्री शंभूलाल चंद्रवंशी ने ग्राम भूतिया में आंगनवाड़ी भवन का निर्माण चालू नहीं होने की शिकायत की, जिसका की भूमिपूजन किया जा चुका है। कृषि विभाग को प्रधानमंत्री फसल बीमा के लाभान्वित किसानों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
विद्युत वितरण कंपनी के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान विधायक श्री मथुरालाल डामर, डा. चिंतामणि मालवीय, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, विधायक श्री कमलेश्वर डोडियार आदि ने ट्रांसफार्मर की खराबी उनके तत्काल सुधार के संबंध में चर्चा की। जिले में विद्युत वितरण कंपनी के ट्रांसफार्मर से ऑयल की चोरी पर भी चर्चा की गई तथा इसे रोकने के लिए ठोस मॉनिटरिंग करने के निर्देश सांसद श्री डामोर द्वारा विभाग को दिए गए। श्री शंभूलाल चंद्रवंशी ने कहा कि विभाग धरातल पर ठीक से कार्य नहीं करता है उनमें सुधार किया जाए। चर्चा के दौरान सांसद श्री डामोर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके पास यदि जनप्रतिनिधियों के फोन कॉल आते हैं तो सम्मानपूर्वक विस्तृत चर्चा जनप्रतिनिधि की मंशा अनुसार करें, आधी अधूरी बात नहीं करें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जावरा में चिकित्सकों की पूर्ति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि यदि स्वास्थ्य विभाग का कोई भी डॉक्टर अथवा कर्मचारी अपने कार्य स्थल से अनुपस्थित पाया जाएगा तो उनके विरुद्ध सर्विस ब्रेक की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक डा. चिंतामणि मालवीय ने आलोट में पोस्टमार्टम के लिए ठीक से स्थान नहीं होने पर चर्चा की, इस पर कलेक्टर ने विभाग को निर्देशित किया कि आवश्यक संरचना का निर्माण किया जाए। सांसद श्री डामोर द्वारा बताया गया कि मेडिकल कॉलेज रतलाम में मरीजों तथा उनके अटेंडर के लिए पब्लिक टॉयलेट की उपलब्धता नहीं होने के कारण परेशानी हो रही है, तत्काल टॉयलेट निर्माण किया जाए। लोक निर्माण विभाग की भी समीक्षा की गई। इस दौरान विधायक डामोर द्वारा विभिन्न सड़कों पर शोल्डर ठीक से भरा नहीं होने तथा गड्ढे होने की शिकायत ग्रामीणों से प्राप्त होने की बात कही गई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। बैठक में मत्स्य विभाग को योजनाओं के लाभ वितरण में जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेने, पशु चिकित्सा विभाग को गौशालाओं के निरीक्षण का रोस्टर तैयार करने, एमपीआरडीसी को सड़कों के शोल्डर सुधारने के निर्देश दिए गए अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई।
: जनसुनवाई में आए 36 आवेदन निराकरण के प्रेषित किए गए
Wed, Dec 27, 2023
रतलाम
26
दिसम्बर
2023/
मंगलवार को कलेक्टोरेट कार्यालय में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में 36 आवेदन प्राप्त हुए जिन्हें निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आर.एस. मण्डलोई, सीइओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम रानीगांव निवासी रामकिशन कुमावत ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी का प्रधानमंत्री सम्मान निधि का फार्म गलती से सरेंडर हो गया है, इस सम्बन्ध में प्रार्थी द्वारा आवेदन भी कर दिया गया था तथा पटवारी से भी बात की थी परन्तु आज दिनांक तक कोई निराकरण नहीं किया गया है। निवेदन है कि प्रार्थी के सरेंडर हो चुके फार्म को अनलाक किया जाकर प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना की 14 वीं किश्त तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 7 वीं किश्त का भुगतान प्रदान करने की कृपा करें। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित किया गया है।
वार्ड क्रमांक 30 की पार्षद श्रीमती शबाना ने आवेदन देते हुए बताया कि वर्तमान में जावरा फाटक अण्डर ब्रिज से सेजावता तक नवीन सिटी फोरलेन का कार्य प्रगति पर है। उक्त कार्य के पूर्व क्ष्ोत्र में पानी की पाइप लाइन डालाना जाना अत्यावश्यक है, ताकि वर्षों पुरानी पानी की समस्या से आमजन को निजात दिलाई जा सके। आवेदन निराकरण के नगर निगम भेजा गया है। ग्राम आम्बा के सरपंच श्री परिहार ने जनसुनवाई में बताया कि ग्राम आम्बा में कुछ ग्रामवासियों द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर लिया गया है। ग्राम पंचायत स्तर से होने वाले शासकीय कार्य करवाने में कठिनाई का सामना करना पड रहा है। इस स्थिति के चलते आए दिन लडाई झगडे की नौबत आ जाती है। अतः अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए। आवेदन निराकरण के लिए एसडीएम जावरा को भेजा गया है।
ग्राम पंचायत मण्डावल की सरपंच तथा सचिव ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि ग्राम पंचायत मण्डावल के हायर सेकेण्डरी स्कूल के पीछे शासकीय भूमि (जंगलात) पर कतिपय लोगों द्वारा अवैध रुप से अतिक्रमण कर लिया है। पंचायत द्वारा उक्त भूमि पर पौधारोपण किया गया जिसे हटाते हुए मकान का निर्माण कर अतिक्रमण किया जा चुका है। अतः उक्त अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित किया गया है। ताल तहसील के ग्राम नीमसाबदी निवासी शंकरलाल ने आवेदन देते हुए कहा कि प्रार्थी को शासन द्वारा पट्टे की भूमि नीमसाबदी में दी गई थी। उक्त पट्टा भूमि पर विगत 40 वर्षों से राजस्व रिकार्ड में प्रार्थी का नाम भू स्वामी के रुप में दर्ज चला आ रहा है, किन्तु राजस्व अभिलेख में अहस्ताँतरणीय शब्द अंकित हो जाने के कारण उक्त भूमि पर किसी प्रकार का लोन आदि प्राप्त होने में कानूनी बाधा उत्पन्न हो रही है। अतः राजस्व अभिलेख से अहस्तांतरणीय शब्द विलोपित करने की कृपा करें। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार ताल को भेजा गया है।
शिव नगर निवासी कंचन जाटवा ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया के पति का कोरोना काल में निधन हो चुका है तथा प्रार्थिया की तीन संतानें है जिनके लालन-पालन में काफी कठिनाई का सामना करना पड रहा है। प्रार्थिया के पास आजीविका का कोई साधन नहीं है। अतः प्रार्थिया को बीपीएल कूपन प्रदान किया जाए ताकि शासकीय उपभोक्ता भण्डार से राशन की व्यवस्था हो सके। आवेदन निराकरण के लिए नगर निगम को भेजा गया है।