शिवनगर में 14 लाख से बनेगी सीसी रोड : 7 लाख से तैयार होंगे शौचालय व स्नानगृह
Mon, Mar 16, 2026
शहर के वार्ड क्रमांक 1 स्थित शिवनगर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। शनिवार को महापौर प्रहलाद पटेल ने क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती भावना पैमाल व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 21 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया।
आवागमन और स्वच्छता पर जोर :
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के अंतिम छोर तक विकास पहुँचाने के संकल्प के साथ शिवनगर में
14 लाख रुपये
की लागत से सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के बनने से क्षेत्रवासियों को कीचड़ और उबड़-खाबड़ रास्तों से मुक्ति मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
बुनियादी सुविधाओं का विस्तार :
सड़क के साथ ही स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए महापौर ने
7 लाख रुपये
की लागत से सार्वजनिक स्नानगृह और शौचालय निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन बुनियादी सुविधाओं के निर्माण से स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी सुविधा होगी।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति :
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान पार्षद श्रीमती यास्मीन शैरानी, कमरूद्धीन कचवाय, प्रदीप राठौर, पार्षद प्रतिनिधि हितेश पैमाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और गणमान्य जन उपस्थित रहे। स्थानीय निवासियों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर हर्ष व्यक्त करते हुए महापौर का आभार जताया।
राजस्व वसूली अभियान तेज : तीन दुकानें सील, मौके पर जमा हुए एक लाख से अधिक
Tue, Mar 10, 2026
नगर पालिक निगम रतलाम के राजस्व विभाग ने आज शहर के विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में बकाया कर (टैक्स) वसूली के लिए सघन अभियान चलाया। निगम की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जहां कुछ दुकानदारों से बकाया राशि वसूल की, वहीं लंबे समय से भुगतान न करने वाली तीन दुकानों को सील कर दिया।
मौके पर हुई नकद वसूली :
निगम की टीम जब तिलक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और स्टेडियम मार्केट पहुंची, तो कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई के डर से तत्काल बकाया राशि जमा कराई।
तिलक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (दुकान नं. 03) के संचालक
अनवर अली ताहेर अली
ने 41,585 रुपये जमा किए।
स्टेडियम मार्केट (दुकान नं. 29) की संचालक
शारदा नारायण जी
ने 58,709 रुपये की बकाया राशि मौके पर ही चुकाई।
बकाया न देने पर तीन दुकानें हुईं सील :
बार-बार चेतावनी के बावजूद कर का भुगतान न करने पर नगर निगम की टीम ने तिलक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की निम्नलिखित दुकानों को सील करने की कार्रवाई की:
दुकान नं. 01 (मो. सलीम):
70,624 रुपये बकाया होने पर कार्रवाई।
दुकान नं. 14 (सुभाष):
72,602 रुपये बकाया होने पर सील।
दुकान नं. 20 (राजेंद्र बनवारीलाल):
89,486 रुपये की भारी बकाया राशि के कारण दुकान बंद कराई गई।
राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया टैक्स वसूली का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और डिफ़ॉल्टर्स के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ठेकेदार और इंजीनियर की साठगांठ : मासूम का पैर टूटने के बाद भी आधा अधूरा निर्माण
Wed, Feb 4, 2026
शहर के वार्ड क्रमांक 43 स्थित मोतीपूज्य जैन मंदिर के पास वाली तंग गली में नगर निगम के जिम्मेदारों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ महापौर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद शुरू किया गया नाली निर्माण कार्य भ्रष्टाचार और आपसी साठगांठ की भेंट चढ़ गया है। ठेकेदार ने अपनी मनमानी करते हुए काम को आधा-अधूरा ही छोड़ दिया है, जिससे क्षेत्रवासी जानलेवा खतरों के बीच नरकीय जीवन को मजबूर हैं।
मासूम की चोट भी नहीं जगा पाई सिस्टम को : गौरतलब है कि इसी गली में खुली नाली के कारण एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची गिर गई थी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। इस गंभीर हादसे के बाद रहवासी अभिनव गेलड़ा द्वारा महापौर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। निगम प्रशासन ने दबाव में आकर पिछले महीने निर्माण कार्य तो शुरू करवाया, लेकिन ठेकेदार ने गली के पिछले हिस्से की नालियों को निर्माण किए बिना ही खुला छोड़ दिया।
इंजीनियर शिवम गुप्ता ने नहीं उठाया फोन : जब इस अधूरे निर्माण और जनता की परेशानी के संबंध में जानकारी लेने के लिए जिम्मेदार इंजीनियर शिवम गुप्ता को फोन लगाया गया, तो उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। अधिकारी का यह रवैया स्पष्ट करता है कि ठेकेदार और विभाग के बीच सहमति बनी हुई है। रहवासियों का सीधा आरोप है कि इंजीनियर और ठेकेदार की आपसी साठगांठ के चलते ही आधा अधूरा निर्माण किया गया है, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग और जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ हुआ है।
अंधेरे में और बढ़ जाता है खतरा : मोतीपूज्य जैन मंदिर के पास वाली इस तंग गली में रात के समय अंधेरा रहता है। ऐसे में खुली नालियां व सड़क के मध्य लेवल से उपर बने चैंबर से राहगीरों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह मार्ग मौत का कुआं बन गया हैं।
रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अधूरे निर्माण को पूरा कर नालियों को कवर नहीं किया गया और सड़क के मध्य बने चेंबर को लेवल में नहीं किया गया तो वे इस गंभीर अनियमितता के खिलाफ नगर निगम में प्रदर्शन करेंगे।