पुलिस की संवेदनशीलता : राजस्थान के दो भटके नाबालिग बच्चों को परिजनों से मिलाया
Sun, Nov 2, 2025
रतलाम पुलिस के थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा ने सराहनीय कार्य करते हुए राजस्थान राज्य के दो नाबालिग भटके हुए बालकों को ढूंढ निकाला और उनके परिजनों से संपर्क कर उन्हें सकुशल सुपुर्द कर दिया।
घटना का विवरण: दिनांक 30 अक्टूबर 2025 की रात को पुलिस को ग्राम लुहारी फंटे पर स्थानीय लोगों द्वारा दो भटके हुए अज्ञात नाबालिग बालकों को रोके जाने की सूचना मिली। सूचना पर थाना से उपनिरीक्षक प्रताप सिंह भदौरिया और आरक्षक मोहन खींची मौके पर पहुँचे और दोनों बालकों को अपनी अभिरक्षा में लेकर सुरक्षा के लिए थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा लाए।
थाने पर जब बालकों से नाम-पता पूछा गया, तो वे ठीक से अपना नाम-पता नहीं बता पा रहे थे। इसके बाद, पुलिस ने सोशल मीडिया पर दोनों के फोटो जारी किए और उनकी भाषा-बोली समझने वाले लोगों से बातचीत करवाई।
पहचान और सुपुर्दगी: बातचीत के बाद, एक बालक ने अपना नाम कुशल पिता बंशीलाल भील (उम्र 8 साल) निवासी ग्राम अचलाना, थाना खनोड़, जिला उदयपुर बताया, और दूसरे ने अपना नाम बाबुलाल पिता मांगु (उम्र 12 साल) निवासी धाकड़ा का खेड़ा, थाना खनोड़, जिला उदयपुर, राजस्थान बताया।
संबंधित थाने से चर्चा करने के बाद, बालकों के परिजनों से बातचीत की गई। परिजनों के जावरा पहुंचने पर, दोनों बालकों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
सराहनीय भूमिका: इस कार्य में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उनि प्रतापसिह भदौरिया, उनि एस.आर. जगताप, प्रआर. संजय आंजना, आर. मोहन खींची, म.आर. कौशल्या धनगर, और आर. शादाब बेग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संघ का शताब्दी वर्ष : विजयादशमी उत्सव पर पथ संचलन का महासंगम
Sat, Oct 4, 2025
नगर में विजयदशमी उत्सव पर पांच उपनगरों से निकले पथ संचलन का महासंगम महाराणा प्रताप चौक पर हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित थी।
हनुमान उपनगर : हनुमान उपनगर का एकत्रीकरण जैन स्कूल सगोद रोड पर हुआ। अतिथि के रूप में अनीश जी पोद्दार, मुख्य वक्ता डॉक्टर प्रकाश शास्त्री मा.प्रांत संघ चालक एवं नगर सह कार्यवाह मनोज सगरवंशी मंचासीन रहे। श्री शास्त्री ने कहा कि संघ की स्थापना के समय हिंदू समाज की स्थिति बहुत दयनीय थी।
अंबेडकर उपनगर : अंबेडकर उपनगर का एकत्रीकरण आईटीआई ग्राउंड में हुआ जहां मंच पर अतिथि के रूप में डॉक्टर दिनेश भूरिया, मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख बलवंत सिंह हाडा व नगर सहकार्यवाह शैलेंद्र सिंह उपस्थित रहे। श्री हाडा ने अपने बौद्धिक में कहा कि डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार ने 1925 में संघ की स्थापना की।
संत रविदास उपनगर : संत रविदास उपनगर का एकत्रीकरण सरस्वती शिशु मंदिर काटजू नगर में हुआ। अतिथि सरदार अवतार सिंह, माननीय जिला संघ चालक सुरेंद्र सुरेखा एवं मुख्य वक्ता प्रांत घोष प्रमुख आशुतोष शर्मा मंचासीन रहे। श्री शर्मा ने कहा कि भारत धन शक्ति और ज्ञान में परिपूर्ण होने के बाद भी असंगठित होने के कारण विदेशियों द्वारा पराधीन हुआ।
प्रताप उपनगर : प्रताप उपनगर का एकत्रीकरण 80 फीट रोड पर हनुमान ताल के पास में मैदान में हुआ। अतिथि के रूप में आदित्य जी वोहरा, मुख्य वक्ता प्रांत प्राध्यापक प्रमुख शैलेश जी त्रिपाठी एवं नगर कार्यवाहक किशन जी माहेश्वरी मंचासीन थे। मुख्य वक्ता श्री त्रिपाठी ने कहा कि आज संघ अपने विराट रूप में है।
विक्रम उपनगर : विक्रम उपनगर का एकत्रीकरण सेठिया मैरिज गार्डन पर हुआ। मंच पर अतिथि डॉ योगेंद्र सिंह चाहर, माननीय नगर संघचालक राजेश पटेल एवं मुख्य वक्ता प्रांत ग्राम विकास प्रमुख सोहन परमार रहे। आपने कहा कि जहां स्वयंसेवक है वहां शाखा होती है, जहां शाखा है वहां सामाजिक समरसता होती है।
पथ संचलन का स्वागत : आज नगर के इन स्थानों से निकले पद संचलन से पूरा नगर ही संघमय हो गया। स्थान स्थान पर पुष्पों की वर्षा से समाज जनों ने स्वागत किए।
जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया ने भरी हुंकार : पत्रकारों की सुरक्षा पर संगठन हुआ सख्त
Wed, Sep 17, 2025
जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया ने पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमले और फर्जी मुकदमों को लेकर एक वर्चुअल मीटिंग करके इस पर नाराजगी व्यक्त की और सरकार से मांग की कि पत्रकारों को कार्य करने हेतु सुरक्षित एवं भय मुक्त माहौल सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाए।
पत्रकारों की सुरक्षा की मांग
सभा में जर्नलिस्ट काउंसिल के अध्यक्ष डॉ अनुराग सक्सेना ने कहा कि आज जब छोटे अखबार अपने वजूद की लड़ाई लड़ रहे हैं तब सरकार को ई पेपर को मान्यता देना अति आवश्यक हो गया है। राष्ट्रीय पदाधिकारी राजू चारण ने कहा कि असंगठित पत्रकारों को संगठित होकर एक साथ आवाज उठानी पड़ेगी तभी उनकी समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
पत्रकारिता समाज का आईना
राष्ट्रीय पदाधिकारी झा जी ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना है और इस आईने को साफ सुथरा ही रहने देना चाहिए। बिहार राज्य के प्रभारी कुणाल भगत ने कहा कि अब तो पत्रकार का शोषण आम बात हो गई है परंतु जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया इसको कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
संगठन को मजबूत करने का आह्वान
सभा का समापन करते हुए संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉक्टर आर.सी श्रीवास्तव ने पत्रकारों को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और संगठन के बैनर तले संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि हम संगठित हो जाते हैं तो किसी भी लड़ाई को आसानी से जीत सकते हैं।
प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारीयों ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनसे अपील की कि जिले के पत्रकारों के साथ-साथ छोटे स्तर के स्थानीय पत्रकारों को भी तवज्जो दी जाए और उनको भी मान्यता देने की प्रक्रिया शुरू की जाए।