: कायाकल्प योजना में 2 करोड़ 80 लाख के सड़क कार्य का हुआ भूमि पूजन
Thu, Jun 1, 2023
रतलाम, 31 मई 2023।
कायाकल्प योजना के तहत शहर में तीन प्रमुख सड़क मार्गों के नवनिर्माण हेतु विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल ने भूमिपूजन किया। यह कार्यक्रम फ्रीगंज, नाहरपुरा और होमगार्ड कॉलोनी में आयोजित हुए। सड़कों का नवनिर्माण 2 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से होगा। भूमि पूजन के दौरान निगम अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षद, पार्टी के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के रहवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भूमि पूजन समारोह में विधायक श्री काश्यप ने कहा कि कायाकल्प योजना के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पहले सड़कों के नवीनीकरण व चौड़ीकरण के लिए 7 करोड रुपए मिले थे, जिसे बढ़ाकर बाद में 10 करोड़ रुपए कराया गया है। इस योजना में सड़क बनाने वाला ठेकेदार 5 सालों तक उसका रखरखाव भी करेगा। उन्होने कहा कि बीते 10 साल के कार्यकाल में शहर के विकास की जो बुनियाद रखी गई है, उससे हम निश्चित रूप से रतलाम को नगर से महानगर बनाएंगे। हम रतलाम को मालवा-निमाड़ का सबसे प्रमुख व्यापारिक केंद्र बनाएंगे और इसका पहले वाला वैभव लौटाएंगे।
रतलाम को नगर से महानगर बनाएंगे
श्री काश्यप ने कहा कि शहर के प्रवेश मार्गों के साथ शहर के भीतर भी पर सिटी फोरलेन बन चुके है। हालही में संत रविदास चौक से करमदी नाका और जावरा रोड अंडर ब्रिज से सेजावता फंटे तक सिटी फोरलेन कार्य का भूमि पूजन और निर्माण शुरू हो चुका है। इससे पूर्व बाजना रोड, महू रोड और सैलाना रोड फोरलेन बने है। शहर के समीप ही एटलेन एक्सप्रेस-वे निकल रहा है, जिस पर विशेष निवेश क्षेत्र विकसित होगा और इससे रतलाम की दशा और दिशा दोनों बदल जाएगी।
महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि रतलाम में जो विकास कार्य हो रहे हैं, वह मैं जनता को समर्पित करता हूं। क्योंकि जनता ने हम पर विश्वास जताया है। विधायक श्री काश्यप की दूरदृष्टि से बीते दस सालों में चौतरफा विकास हुआ है। उनके नेतृत्व में रतलाम की नई पहचान बनी है। निगम अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि जिन क्षेत्रों में कायाकल्प योजना के तहत सड़क निर्माण का कार्य होना है, वहां के लोगों को बहुत दिनों से इंतजार था। आज उनका इंतजार खत्म हुआ है। विधायक श्री काश्यप शहर विकास के लिए कृत संकल्पित है और लगातार विकास कार्य करवा रहे हैं।
फ्रीगंज और नाहरपुरा में हुआ कार्यक्रम
भूमिपूजन समारोह के दौरान कायाकल्प योजना के अंतर्गत फ्रीगंज में 1 करोड़ 43 लाख की लागत से, नाहरपुरा में 86.37 लाख की लागत से आरोग्यम हॉस्पिटल, कॉलेज रोड, डालू मोदी बाजार, गणेश देवरी तक मुख्य मार्ग निर्माण एवं होमगार्ड कॉलोनी में 51.16 लाख की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निमिष व्यास, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, निलेश गांधी, मयूर पुरोहित, कृष्ण कुमार सोनी, एमआईसी सदस्य भगत सिंह भदौरिया, रामू डाबी, विशाल शर्मा, दिलीप गांधी, पप्पू पुरोहित, अक्षय संघवी, सपना त्रिपाठी, पार्षद परमानंद योगी, हीना मेहता, शक्ति सिंह, निशा सोमानी, शबाना खान, मण्डल महामंत्री राकेश परमार, राधेश्याम मारू, महेश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
: जनसुनवाई में 68 आवेदनों पर सुनवाई कर संबंधित विभाग को किया प्रेषित
Tue, May 30, 2023
रतलाम 30 मई 2023/
मंगलवार को जनसुनवाई में 68 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण हेतु प्रेषित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिडे, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा, श्री सुनील जायसवाल तथा राधा महन्त ने भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई में सैलाना तहसील के ग्राम छछोईनाका निवासी जवाहरलाल ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी की पैतृक भूमि गांवन नायापाडा में स्थित है। वर्ष 1956-57 से उक्त भूमि पर प्रार्थी का ही कब्जा रहा है किन्तु ग्राम पंचायत राजस्व विभाग द्वारा त्रटिवश उक्त भूमि का पट्टा अन्यत्र को जाररी किया जा रहा है। उक्त भूमि से संबंधित पावती तथा अन्य दस्तावेज भी प्रार्थी के पास उपलब्ध हैं। यदि उक्त भूमि किसी अन्यत्र को हस्तांतरित की जाती है तो इससे प्रार्थी के परिवार को अत्यधिक हित हानी होगी। प्रार्थी उक्त भूमि के माध्यम से ही अपने परिवार का पालन पोषण करता आ रहा है। अतः उक्त भूमि किसी अन्य को हस्तांतरित नहीं की जाए। आवेदन निराकरम के लिए तहसीलदार सैलाना को प्रेषित किया गया है।
ग्राम उमर निवासी कालू अमलियार ने आवेदन में बताया कि प्रार्थी द्वारा अपनी कृषि भूमि गांव के ही अन्य व्यक्तियों को खेती हेतु एक वर्ष के लिए मुनाफे पर दी गई थी। उक्त अवधि समाप्त होने के बाद भी कतिपय व्यक्ति प्रार्थी की भूमि लौटा नहीं रहे हैं और ना ही उक्त भूमि पर मुझे कृषि कार्य करने दे रहे हैं। बात करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है जिससे प्रार्थी और उसका परिवार काफी दहशत में हैं। कृपया उपयुक्त कार्यवाही की जाकर कृषि भूमि वापस दिलवाई जाए। आवेदन आवश्यक कार्यवाही हेतु तहसीलदार रावटी को प्रेषित किया गया है।
इंदौर निवासी गिरवीबाई ने जनसुनवाई में आवेदन किया कि प्रार्थिया द्वारा रामेश्वर गृह निर्माण सहकारी समिति के माध्यम से एक प्लाट क्रय किया गया था। उक्त प्लाट 17 अप्रैल 1989 को समिति अध्यक्ष को अलाटमेंट किया गया। चूंकि उक्त समिति द्वारा इतना समय व्यतित होने के बाद भी मौके पर प्लाट नहीं बताया गया है और न ही उसका कब्जा दिया जा रहा है। समिति द्वारा प्रार्थिया को अलाटमेंट किया गया प्लाट का कब्जा दिलवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार रतलाम को भेजा गया है।
न्यू काजीपुरा निवासी अब्दुल करीम ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थी विगत तीन वर्षों से लीवर डेमेज होने के कारण बडौदा में उपचार चल रहा है। प्रार्थी की स्थिति दयनीय होने के कारण उसे उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। आवेदन सीएमएच को निराकरण हेतु भेजा गया है। ग्राम इटावा माताजी निवासी शकुबाई ने जनसुनवाई में बताया कि प्रार्थिया का पैतृक कच्चा मकान ग्राम आबादी में होकर पंचायत रिकार्ड में मांगीलाल पिता बाबरू के नाम से दर्ज है। उक्त कच्चे मकान की भूमि पर ही गांव के कुछ दबंगो द्वारा कब्जा कर हमें वहां से भगा दिया गया है। हमारे पास रहने का कोई साधन नहीं है। प्रार्थिया को कब्जा पुनः दिलवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार रतलाम को भेजा गया है।
: जल जीवन मिशन की नल जल योजना ने ग्राम नंदावता की तस्वीर बदल दी
Sun, May 28, 2023
जिले के ग्राम नंदावता में जल जीवन मिशन के पूर्व पानी को लेकर हालात काफी खराब थे। महिलाओं को पानी लाने के लिए घर से दूर हैंडपंप और कुओ पर जाना पड़ता था और सारा दिन पानी की व्यवस्था करने में निकल जाता था। जल जीवन मिशन के पूर्व ग्राम में योजना निर्माण एवं क्रियान्वयन के लिए योजना लागत की 1 प्रतिशत और 3 प्रतिशत ग्राम जनभागीदारी के माध्यम से योजना बनाई जाती थी।
ग्राम नंदावता में पानी की समस्याओं को देखते हुए यहां के लोगों ने 3 प्रतिशत जनभागीदारी के हिसाब से 1 लाख 50 हजार रुपए राशि भी एकत्रित कर ली थी किंतु भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना के द्वारा ग्राम नंदावता में 60 लाख रुपए की नल जल योजना बनाई गई जिसमें एक उच्च क्षमता 50 हजार लीटर की टंकी , 20 हजार लीटर का संपवेल बनाकर पूरे ग्राम में 2900 मीटर पाइप बिछाकर हर घर को घरेलू क्रियाशील नल कनेक्शन के माध्यम से जोड़ा गया।
इस योजना के माध्यम से 280 परिवारों को घर पर ही शुद्ध नल से जल मिल रहा है। साथ ही शासकीय भवन, स्कूल, आंगनवाड़ी, ग्राम पंचायत सभी में नल कनेक्शन दिए गए हैं। इस योजना में जल स्त्रोत एक नलकूप एवं जाली से ढका हुआ कुआं है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला जल सलाहकार श्री आनंद व्यास ने बताया कि योजना के संचालन संधारण एवं जल कर की वसूली के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति भी बनाई गई है जिसमें ग्राम के हर वर्ग को जोड़ा गया है। इसमें 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है। ग्राम जल एवं स्वच्छता तदर्थ समिति ने ग्राम सभा में 100 रुपए जलकर की राशि लेने का निर्णय लिया था जिसे सर्वसम्मति से मान्य किया गया और आज अधिकतर ग्रामवासी प्रतिमाह 100 रुपए जलकर की राशि भी जमा करते हैं। योजना चलाने का कार्य नल चालक श्रीपाल सोलंकी के द्वारा किया जाता है ।यह प्रतिदिन समय पर जल प्रदाय का कार्य करते हैं।
गांव की बुजुर्ग 80 वर्षीय महिला श्रीमती सजनबाई पति कालू बा ने बताया कि यह पानी की योजना तो हमारे लिए सपने जैसी है। हम कल्पना ही नहीं कर सकते कि आज हमको पानी को लेकर इतना आराम हो गया है। जब पुरानी बातें याद आती है की सिर पर घड़ा रखकर गोदी में बच्चे को लेकर कीचड़ के रास्तों से घर से बहुत दूर जाकर कुए बावड़ी एवं झरिया से पानी लाना एवं घर आकर खाना बनाना एवं दूसरे तमाम कार्य करने में बहुत मुश्किल होती थी किंतु आज हर घर पर प्रतिदिन नल से जल मिलने लगा है। बहुत आराम हो गया है और सभी लोग रोज नहाते हैं, कपड़े धोते हैं स्वच्छ रहते हैं। शुद्ध जल मिलने से अब गांव में बीमारी भी कम होती है । सजन बाई ने कहा कि यदि प्रधानमंत्रीजी एवं मुख्यमंत्रीजी आ जाएं तो मैं उनको प्रणाम करके बहुत--बहुत धन्यवाद बोलूंगी। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चंदाबाई पति शिवनारायण मालवीय, पुष्पाबाई प्रेमचंद श्री शांतिलाल धानक सभी जल जीवन मिशन की इस योजना से काफी प्रसन्न है।