: शुरु हुई जिला स्तरीय जनसुनवाई : 102 आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजे
Tue, Jun 11, 2024
रतलाम
11
जून
2024/ जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान 102 आवेदन प्राप्त हुए। एडीएम श्री आर.एस. मण्डलोई तथा एसडीएम श्री संजीव पाण्डे द्वारा जनसुनवाई करते हुए आवेदनों को निराकरण हेतु संबंधित विभागो के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान सैलाना निवासी रमेश पिता अमृतराम कुलम्बी ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी की सैलाना में पैतृक भूमि है। समस्त भूमियां राजस्व रिकार्ड में दर्ज हैं परन्तु एक भूमि त्रुटिवश राजस्व रिकार्ड में दर्ज नहीं हो पाई है। पूर्व में भी इस सम्बन्ध में आवेदन प्रस्तुत किया गया था, परन्तु उचित कार्यवाही नहीं हुई है। कृपया उक्त भूमि को राजस्व रिकार्ड में दर्ज किया जाए। आवेदन निराकरण के लिए एसडीएम सैलाना को प्रेषित किया गया है।
ग्राम रघुनाथगढ निवासी राजकुंवर राजपूत ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया की कृषि भूमि रघुनाथगढ में स्थित है। उक्त जमीन के पास ही एक अन्य व्यक्ति की कृषि भूमि है, जिसने पटवारी से मिलकर प्रार्थी की जमीन पर अनाधिकृत रुप से कब्जा कर रखा है। प्रार्थिया के पति का स्वास्थ्य खराब है तथा एक बेटा है जिसका मानसिक सन्तुलन ठीक नहीं है। ऐसी स्थिति में कब्जाधारी व्यक्ति से बात करने पर धमकाया जाता है। कृपया उक्त भूमि की पुनः नपती करवाई जाकर मुझे हक प्रदान करने की कृपा करें। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार रतलाम ग्रामीण को प्रेषित किया गया है।
ग्राम बरखेडी के ग्रामवासियों ने संयुक्त रुप से जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थीगण विगत काफी वर्षों से शासकीय भूमि पर निवास करते आ रहे हैं तथा सरकारी भूमि की राशि भी जमा करवाई जाती रही है, परन्तु वर्तमान में सभी निवासियों को अतिक्रमण के नोटिस प्राप्त हुए हैं। सभी प्रार्थीगण मजदूरी कर अपना व परिवार का जीवन यापन करते हैं तथा उक्त मकानों के अलावा कोई अन्य भूखण्ड नहीं हैं। सभी प्रार्थीगणों को भूखण्ड के पट्टे जारी करने की कृपा करें। आवेदन निराकरण के लिए एसडीएम जावरा को प्रेषित किया गया है।
हरमाला रोड निवासी रहतम बी. ने जनसुनवाई में बताया कि प्रार्थिया बुजुर्ग है तथा पति-पत्नी दोनों ही बीमार है और कोई औलाद भी नहीं है। जैसे-तैसे मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। पेंशन योजना तथा गरीबी रेखा का राशनकार्ड बनाने की कृपा करें जिससे अपना भरण-पोषण कर सके। आवेदन सीएमएचओ को निराकरण के लिए भेजा गया है। प्रीतम नगर निवासी मंगलेश जैन ने बताया कि प्रार्थी की भीलख्ोडी रोड पर भूमि है। भूमि के समीप है रेलवे द्वारा ब्रिज का कार्य किया जा रहा है। रेलवे ठेकेदार द्वारा प्रार्थी की जमीन पर निर्माण सामग्री डाल दी गई है, बात करने पर ठेकेदार द्वारा बदसलूकी जाती है। बारिश का मौसम करीब है और प्रार्थी को अपनी कृषि भूमि में बोवनी का कार्य करना है, कृपया भूमि से निर्माण सामग्री हटवाने का कष्ट करें। आवेदन निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेजा गया है।
बडायला माताजी निवासी रामलाल ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि विगत दिनों प्रार्थी की झोपडी में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई थी जिससे झोपडी व भैंस के बछडे की भी जलने से मौत हो गई थी। इस सम्बन्ध में प्रार्थी द्वारा पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी, परन्तु तहसील कार्यालय द्वारा अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई और ना ही प्रार्थी को किसी प्रकार का मुआवजा प्राप्त हुआ है। प्रार्थी की स्थिति काफी दयनीय है, कृपया मुआवजा राशि दिलवाई जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार पिपलौदा को प्रेषित किया गया है।
: पुलिस लाइन रतलाम में आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप का हुआ समापन
Mon, Jun 10, 2024
आज दिनांक 09.06.24 को पुलिस लाइन रतलाम में 15 दिवसीय समर कैंप का समापन किया गया। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री राहुल कुमार लोढा के निर्देशन में दिनांक 26.05.24 से पुलिस लाइन रतलाम में प्रारंभ हुए 15 दिवसीय समर कैंप में पुलिस परिवार के बच्चो के लिए फुटबाल, क्रिकेट, योगा, ड्राइंग, जंबा आदि एक्टिविटीज का आयोजन किया गया। समापन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री राकेश खाखा, नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अभिनव कुमार बारंगे, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अनिल राय, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावात, सूबेदार मोनिका चौहान आदि पुलिस अधिकारी एवं पुलिस परिवार के बच्चे एवम परिजन उपस्थित रहे।
: जल गंगा सवंर्धन अभियान के तहत सुनार बावड़ी की हुई साफ सफाई
Mon, Jun 10, 2024
रतलाम 9 जून । शासन निर्देशानुसार 5 से 16 जून तक चलाये जाने वाले जल गंगा सवंर्धन अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 43 स्थित सुनार बावड़ी की साफ-सफाई का कार्य करवाया गया। इस अवसर पर निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट, क्षेत्रिय पार्षद श्रीमती प्रीति कसेरा, पार्षद प्रतिनिधि श्री संजय कसेरा, पूर्व पार्षद श्री विजय कसेरा, शुभम् सोलंकी, मिनी कसेरा, राज गोपाल कसेरा, कीर्ति सहित क्षेत्रिय नागरिक व निगम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।