अमर व्यक्तित्व : 100 बार रक्तदान किया जाते-जाते भी नेत्रदान से रोशन की दुनिया
Thu, Jan 1, 2026
समाजसेवा, खेल जगत और श्रमिक संगठनों के सशक्त हस्ताक्षर तथा रोटरी क्लब डायमंड के अध्यक्ष
अश्विनी शर्मा (61)
का मंगलवार को बड़ोदरा में उपचार के दौरान निधन हो गया। 28 दिसंबर को ब्रेन स्ट्रोक के बाद उन्हें बड़ोदरा ले जाया गया था, जहाँ सर्जरी के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
जीवनभर बहाई सेवा की सरिता
स्व. अश्विनी शर्मा का जीवन संघर्ष और समर्पण का संगम था। उन्होंने अपने जीवनकाल में
100 से अधिक बार रक्तदान
कर मानवता की सेवा की। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नई दिशा देना और श्रमिकों के अधिकारों के लिए लड़ना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।
मृत्यु के बाद भी अमर रही सेवा भावना
उनके निधन के बाद परिजनों ने उनके सेवा-संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए
नेत्रदान
का साहसिक निर्णय लिया। पार्थिव शरीर रतलाम लाए जाने पर मेडिकल कॉलेज की टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की।
"अश्विनी जी का जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनके नेत्रदान के निर्णय ने मृत्यु के बाद भी उन्हें अमर कर दिया है।" —
उपस्थित शुभचिंतक
जागरूकता का बना केंद्र
नेत्रदान की प्रक्रिया के दौरान मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा के निर्देशन में डॉ. रिशेन्द्र सिसोदिया और उनकी टीम ने कार्य किया। इस दौरान उपस्थित सैकड़ों लोगों ने कार्निया संरक्षण की प्रक्रिया को समझा और नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया। वहाँ उपस्थित कई लोगों ने भविष्य में अंगदान और नेत्रदान का संकल्प भी लिया।
अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब
नेत्रदान के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, नेत्रम संस्था के सदस्य, रोटरी क्लब के पदाधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नम आँखों से इस कर्मयोगी को विदाई दी।
मिले तीन अवार्ड : राष्ट्रीय स्तर पर रतलाम जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप हुआ सम्मानित
Fri, Dec 26, 2025
जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप्स फेडरेशन की 15वीं राष्ट्रीय कांफ्रेंस 19, 20 एवं 21 दिसंबर को नाकोड़ा पारसनाथ तीर्थ पर भव्य रूप से आयोजित हुई। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के 75 से अधिक सोशल ग्रुप्स से लगभग 750 कपल्स द्वारा सहभागिता की गई।
कांफ्रेंस के दौरान फेडरेशन द्वारा बीते दो वर्षों में किए गए मानव सेवा, शिक्षा, चिकित्सा एवं धार्मिक गतिविधियों के आधार पर ग्रुप्स का मूल्यांकन कर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान किए गए। इसी क्रम में रतलाम जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप को उत्कृष्ट मानव सेवा कार्यों के लिए “बेस्ट मानव सेवा अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ग्रुप के अध्यक्ष अनिल सुमन बोहरा को प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त नाकोड़ा पारसनाथ जी की भव्य रथ यात्रा में श्रेष्ठ मालवी परिवेश प्रस्तुति के लिए रतलाम ग्रुप के चार कपल—अनिल-सुमन बोहरा, विपिन-शीतल पुंगलिया, मुकेश-मधु जैन एवं गणतंत्र-सपना मेहता—को विशेष अवार्ड प्रदान किया गया। वहीं बेस्ट रथ यात्रा परफॉर्मेंस अवार्ड भी रतलाम ग्रुप को प्राप्त हुआ। इस प्रकार रतलाम ग्रुप द्वारा कुल तीन राष्ट्रीय अवार्ड हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया गया।
फेडरेशन द्वारा आयोजित रथ यात्रा में 56 प्रकार की पारंपरिक वेशभूषा एवं 56 प्रकार के भोग के साथ ग्रुप परिवार की महिलाओं ने सहभागिता की। रथ यात्रा का संचालन राष्ट्रीय पदाधिकारी संतोष मामा (इंदौर) के साथ रतलाम से जयवंत कोठारी, राजेश रांका एवं नरेंद्र गांग द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में फेडरेशन के संस्थापक अध्यक्ष विजय मेहता की गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय-श्वेता छाजेड़, राष्ट्रीय महासचिव अनिल-पुष्पा नाहर, संरक्षक मनोहर लोढ़ा, मनीष सुराणा, शिखरचंद बाफना एवं दिलीप भंडारी सहित अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ग्रुप्स को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय कांफ्रेंस में रतलाम ग्रुप से 45 कपल्स एवं बच्चों ने सहभागिता की। ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण लोढ़ा, संजीव कोठारी, रीजन चेयरमैन मनीष जैन, सचिव नीलेश पोरवाल सहित सुनील चपलोद, अरुण चोपड़ा, शेखर कटारिया, राकेश मेहता, सुभाष मुणत, अनिल तलेरा, विनोद मेहता, विनोद कोचर एवं महेंद्र काठेड सहित सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। राष्ट्रीय कांफ्रेंस की जानकारी राष्ट्रीय स्पोर्ट्स चेयरमैन राजेश रांका ने दी।
पश्चिम रेलवे : मुकेश कुमार ने संभाला जनसंपर्क अधिकारी इंदौर का कार्यभार
Wed, Dec 24, 2025
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क विभाग में श्री मुकेश कुमार ने जनसंपर्क अधिकारी, इंदौर के रूप में 23 दिसंबर 2025 को पदभार ग्रहण किया।
श्री मुकेश कुमार इससे पूर्व रतलाम मंडल कार्यालय में मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनसंपर्क गतिविधियों के प्रभावी संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्तमान में जनसंपर्क अधिकारी, इंदौर के पद पर पदस्थ श्री खेमराज मीना का स्थानांतरण अहमदाबाद किया गया है, जहां वे निर्माण विभाग में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।