: जनसुनवाई में 68 आवेदनों पर सुनवाई कर संबंधित विभाग को किया प्रेषित
Tue, May 30, 2023
रतलाम 30 मई 2023/
मंगलवार को जनसुनवाई में 68 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण हेतु प्रेषित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिडे, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा, श्री सुनील जायसवाल तथा राधा महन्त ने भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई में सैलाना तहसील के ग्राम छछोईनाका निवासी जवाहरलाल ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी की पैतृक भूमि गांवन नायापाडा में स्थित है। वर्ष 1956-57 से उक्त भूमि पर प्रार्थी का ही कब्जा रहा है किन्तु ग्राम पंचायत राजस्व विभाग द्वारा त्रटिवश उक्त भूमि का पट्टा अन्यत्र को जाररी किया जा रहा है। उक्त भूमि से संबंधित पावती तथा अन्य दस्तावेज भी प्रार्थी के पास उपलब्ध हैं। यदि उक्त भूमि किसी अन्यत्र को हस्तांतरित की जाती है तो इससे प्रार्थी के परिवार को अत्यधिक हित हानी होगी। प्रार्थी उक्त भूमि के माध्यम से ही अपने परिवार का पालन पोषण करता आ रहा है। अतः उक्त भूमि किसी अन्य को हस्तांतरित नहीं की जाए। आवेदन निराकरम के लिए तहसीलदार सैलाना को प्रेषित किया गया है।
ग्राम उमर निवासी कालू अमलियार ने आवेदन में बताया कि प्रार्थी द्वारा अपनी कृषि भूमि गांव के ही अन्य व्यक्तियों को खेती हेतु एक वर्ष के लिए मुनाफे पर दी गई थी। उक्त अवधि समाप्त होने के बाद भी कतिपय व्यक्ति प्रार्थी की भूमि लौटा नहीं रहे हैं और ना ही उक्त भूमि पर मुझे कृषि कार्य करने दे रहे हैं। बात करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है जिससे प्रार्थी और उसका परिवार काफी दहशत में हैं। कृपया उपयुक्त कार्यवाही की जाकर कृषि भूमि वापस दिलवाई जाए। आवेदन आवश्यक कार्यवाही हेतु तहसीलदार रावटी को प्रेषित किया गया है।
इंदौर निवासी गिरवीबाई ने जनसुनवाई में आवेदन किया कि प्रार्थिया द्वारा रामेश्वर गृह निर्माण सहकारी समिति के माध्यम से एक प्लाट क्रय किया गया था। उक्त प्लाट 17 अप्रैल 1989 को समिति अध्यक्ष को अलाटमेंट किया गया। चूंकि उक्त समिति द्वारा इतना समय व्यतित होने के बाद भी मौके पर प्लाट नहीं बताया गया है और न ही उसका कब्जा दिया जा रहा है। समिति द्वारा प्रार्थिया को अलाटमेंट किया गया प्लाट का कब्जा दिलवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार रतलाम को भेजा गया है।
न्यू काजीपुरा निवासी अब्दुल करीम ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थी विगत तीन वर्षों से लीवर डेमेज होने के कारण बडौदा में उपचार चल रहा है। प्रार्थी की स्थिति दयनीय होने के कारण उसे उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। आवेदन सीएमएच को निराकरण हेतु भेजा गया है। ग्राम इटावा माताजी निवासी शकुबाई ने जनसुनवाई में बताया कि प्रार्थिया का पैतृक कच्चा मकान ग्राम आबादी में होकर पंचायत रिकार्ड में मांगीलाल पिता बाबरू के नाम से दर्ज है। उक्त कच्चे मकान की भूमि पर ही गांव के कुछ दबंगो द्वारा कब्जा कर हमें वहां से भगा दिया गया है। हमारे पास रहने का कोई साधन नहीं है। प्रार्थिया को कब्जा पुनः दिलवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार रतलाम को भेजा गया है।
: जल जीवन मिशन की नल जल योजना ने ग्राम नंदावता की तस्वीर बदल दी
Sun, May 28, 2023
जिले के ग्राम नंदावता में जल जीवन मिशन के पूर्व पानी को लेकर हालात काफी खराब थे। महिलाओं को पानी लाने के लिए घर से दूर हैंडपंप और कुओ पर जाना पड़ता था और सारा दिन पानी की व्यवस्था करने में निकल जाता था। जल जीवन मिशन के पूर्व ग्राम में योजना निर्माण एवं क्रियान्वयन के लिए योजना लागत की 1 प्रतिशत और 3 प्रतिशत ग्राम जनभागीदारी के माध्यम से योजना बनाई जाती थी।
ग्राम नंदावता में पानी की समस्याओं को देखते हुए यहां के लोगों ने 3 प्रतिशत जनभागीदारी के हिसाब से 1 लाख 50 हजार रुपए राशि भी एकत्रित कर ली थी किंतु भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना के द्वारा ग्राम नंदावता में 60 लाख रुपए की नल जल योजना बनाई गई जिसमें एक उच्च क्षमता 50 हजार लीटर की टंकी , 20 हजार लीटर का संपवेल बनाकर पूरे ग्राम में 2900 मीटर पाइप बिछाकर हर घर को घरेलू क्रियाशील नल कनेक्शन के माध्यम से जोड़ा गया।
इस योजना के माध्यम से 280 परिवारों को घर पर ही शुद्ध नल से जल मिल रहा है। साथ ही शासकीय भवन, स्कूल, आंगनवाड़ी, ग्राम पंचायत सभी में नल कनेक्शन दिए गए हैं। इस योजना में जल स्त्रोत एक नलकूप एवं जाली से ढका हुआ कुआं है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला जल सलाहकार श्री आनंद व्यास ने बताया कि योजना के संचालन संधारण एवं जल कर की वसूली के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति भी बनाई गई है जिसमें ग्राम के हर वर्ग को जोड़ा गया है। इसमें 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है। ग्राम जल एवं स्वच्छता तदर्थ समिति ने ग्राम सभा में 100 रुपए जलकर की राशि लेने का निर्णय लिया था जिसे सर्वसम्मति से मान्य किया गया और आज अधिकतर ग्रामवासी प्रतिमाह 100 रुपए जलकर की राशि भी जमा करते हैं। योजना चलाने का कार्य नल चालक श्रीपाल सोलंकी के द्वारा किया जाता है ।यह प्रतिदिन समय पर जल प्रदाय का कार्य करते हैं।
गांव की बुजुर्ग 80 वर्षीय महिला श्रीमती सजनबाई पति कालू बा ने बताया कि यह पानी की योजना तो हमारे लिए सपने जैसी है। हम कल्पना ही नहीं कर सकते कि आज हमको पानी को लेकर इतना आराम हो गया है। जब पुरानी बातें याद आती है की सिर पर घड़ा रखकर गोदी में बच्चे को लेकर कीचड़ के रास्तों से घर से बहुत दूर जाकर कुए बावड़ी एवं झरिया से पानी लाना एवं घर आकर खाना बनाना एवं दूसरे तमाम कार्य करने में बहुत मुश्किल होती थी किंतु आज हर घर पर प्रतिदिन नल से जल मिलने लगा है। बहुत आराम हो गया है और सभी लोग रोज नहाते हैं, कपड़े धोते हैं स्वच्छ रहते हैं। शुद्ध जल मिलने से अब गांव में बीमारी भी कम होती है । सजन बाई ने कहा कि यदि प्रधानमंत्रीजी एवं मुख्यमंत्रीजी आ जाएं तो मैं उनको प्रणाम करके बहुत--बहुत धन्यवाद बोलूंगी। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चंदाबाई पति शिवनारायण मालवीय, पुष्पाबाई प्रेमचंद श्री शांतिलाल धानक सभी जल जीवन मिशन की इस योजना से काफी प्रसन्न है।
: राजनीति में धर्म नहीं होगा तो राजनीति अंधी हो जाएगी : महामंडलेश्वर स्वामी श्री चिदम्बरानंदजी
Sun, May 28, 2023
रतलाम, 28 मई 2023।
कई लोग कहते है कि राजनीति में धर्म नहीं होना चाहिए, लेकिन मैं कहता हूं कि यदि राजनीति में धर्म नहीं होगा तो राजनीति अंधी हो जाएगी। अंधी राजनीति क्या करेगी, इसके लिए आप महाभारत के धृतराष्ट्र को देख लीजिए। धृतराष्ट्र का अंधापन धर्म रहित राजनीति का साक्षात प्रमाण है। आज प्रधानमंत्री मोदीजी भारत की आध्यात्मिकता को संपूर्ण विश्व में स्थापित करने का काम कर रहे है और उसी कार्य को रतलाम नगर में विधायक काश्यपजी भी पूरी निष्ठा और लगन के साथ कर रहे है, जो अभिनंदनीय है।
यह उदगार रतलाम में पदार्पण के बाद विधायक चेतन्य काश्यप द्वारा आयोजित स्वागत कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी श्री चिदम्बरानंदजी सरस्वती महाराज ने व्यक्त किए। रतलाम आगमन पर स्वामीजी की सुबह सालाखेड़ी में भव्य अगवानी की गई। इसके बाद महू रोड, टीआईटी रोड, स्टेशन रोड होते हुए वे विधायक निवास पहुंचे। यहां विधायक श्री काश्यप ने परिवार सहित स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उसके बाद स्वामीजी ने उपस्थित धर्मालुजन को आशीर्वचन प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सुबह ही संसद के नए भवन का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री मोदीजी ने धर्म के प्रतीक राजदंड को स्थापित किया है। राजनीति के क्षेत्र में किसी को साधु की संज्ञा दी जाए, तो वह नरेंद्र मोदी है। वे अपने लिए नहीं, अपितु समाज के लिए जीते है। मोदीजी परिवार से दूर रहकर और समाज के प्रति समर्पित होकर देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
स्वामीजी ने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों से उनकी जब भी चर्चा होती है, तो वे यह कहने से कभी नहीं चूकते कि यदि संपूर्ण देश में चेतन्य काश्यप की तरह विधायक हो जाए, तो देश बदल जाएगा। विधायक के रूप में काश्यप, परिवार और समाज के बीच रहते हुए बिना किसी स्वार्थ के अपने नगर को आगे बढ़ाने का काम कर रहे है, ऐसे राजनेता की आज सब जगह जरूरत है। आरंभ में विधायक श्री चेतन्य काश्यप ने स्वामी जी का पाद प्रक्षालन किया। महापौर प्रहलाद पटेल, श्री हरिहर सेवा समिति अध्यक्ष मोहनलाल भट्ट भी साथ रहे।
इसके बाद निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, श्री सनातन धर्म सभा अध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, श्री गोपालजी का बड़ा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, संगीतकार सिद्धार्थ काश्यप सहित गणमान्यजनों ने स्वामीजी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मनोहर पोरवाल ने किया। आभार सिद्धार्थ काश्यप ने माना।
धार्मिक आयोजन हमारे पुण्य का फल - विधायक काश्यप
विधायक चेतन्य काश्यप ने स्वामी जी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके परिवार के लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि वर्ष 2018 में भी स्वामी जी की कथा का अवसर मिला था और इस वर्ष पुनः यह अवसर आया है। धार्मिक आयोजन करना हमारे पुण्य का फल है। पूर्वजों के पुण्य फल ही हमे संस्कार में मिलते है। उन्ही के माध्यम से हम इन आयोजनों को कर पाते है। उन्होने कहा कि रतलाम को धर्म नगरी कहा जाता है। शहरवासियों पर सभी संतों का आशीर्वाद व प्रेम बना रहता है। मेरे परिवार पर भी सभी संतों का आशीर्वाद बना रहता है और उनका मार्गदर्शन मिलता है। विकास सिर्फ भौतिक नहीं होता है, सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक विकास भी जरूरी है। इसलिए कथा के आयोजन प्रासंगिक है।