रतलाम 25 मार्च । निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित निगम के साधारण सम्मेलन में महापौर माननीय श्री प्रहलाद पटेल ने अपने तृतीय कार्यकाल का अर्थ वर्ष 2025-26 का आय व्यय पत्रक (बजट) प्रस्तुत किया। प्रस्तुत बजट पर विचार-विमर्श एवं निर्णय/स्वीकृति हेतु 29 मार्च शनिवार को प्रातः 11ः00 बजे से निगम का साधारण सम्मेलन निगम सभागृह में आयोजित किया गया है।
पेयजल योजना अमृत मिशन 2.0
महापौर श्री पटेल ने बताया कि रतलाम शहर के नागरिको को पर्याप्त पेयजल प्राप्त हो सकें इस हेतु नगर निगम परिषद् सतत् प्रयासरत् है। इस हेतु अमृत 2.0 योजना के अन्तर्गत नगर के ऐसे क्षेत्रों जहॉ पाईप लाईन नहीं है उन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर एवं समस्याग्रस्त क्षेत्रों में पाईप लाईन स्थापना का कार्य तेजी से करवाया जा रहा है।साथ ही धोलावाड़ इन्टेकवेल, ऋतुराज पंपिग स्टेशन पर आवश्यकता अनुसार मोटर पम्प, ट्रासफार्मर स्थापना का कार्य भी करवाया जा रहा है।
सीवरेज योजना 2.0
सीवरेज योजना के अन्तर्गत ऐसे क्षेत्र जो सीवरेज लाईन से जोडना छुट गये थे उन्हें भी सीवरेज लाईन से जोडने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है तथा प्रयास किया जा रहा है कि नगर का प्रत्येक घर सीवरेज लाईन से जुड़े एवं नागरिकों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हों। सीवरेज से संबंधित समस्या के त्वरित निराकरण हेतु प्रयास किये जा रहे है।
स्वच्छता और महापौर हेल्पलाईन
नगर में स्वच्छता संबंधी कार्य पूर्ण तत्परता से हो इस हेतु नगर निगम द्वारा सभी प्रकार के संसाधन उपलब्ध करवाये जाकर निंरतर प्रयास किया जा रहा है कि हम हमारे नगर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनायें । इस दिशा में विगत निगम सम्मेलन में मेरे द्वारा आपके समक्ष वादा किया था कि हम स्वच्छता एवं नगर निगम से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु सीएम हेल्पलाईन के तर्ज पर महापौर हेल्पलाईन प्रारंभ कर रहे है साथ ही हमारे द्वारा मोबाईल नम्बर भी दिया जाकर उस पर गंदगी करने वाले के फोटो भिजवाये जाने पर संबंधी व्यक्ति के विरूद्ध चालानी कार्यवाही एवं फोटो भेजने वाले व्यक्ति को प्रोत्साहन राशि रूपये 50/- दिये जाने की पहल की गई है। जिसके अच्छे परिणाम आये है।
वर्ष 2025-26 में खर्चों का प्रावधान
वर्ष 2025-26 के बजट में निम्न मदो में यथोचित बजट का प्रावधान किया गया है । जिसके तहत समस्त मैलों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रू. 155.00 लाख, खेलकुद प्रतियोगिता आयोजन पर व्यय रू. 10.00 लाख, रोड़ो की मरम्मत हेतु रू. 750.00 लाख, स्कूल मरम्मत एवं फर्नीचर पर व्यय रू. 50.00 लाख, वाहनों की मरम्मत पर व्यय रू. 130 लाख, निगम भवन/वर्कशाप व अन्य सामुदायिक रू. 614.00 लाख भवन निर्माण पर व्यय, स्टेडियम अन्य खेल मैदान निर्माण रू. 25.00 लाख, नवीन उघान विकास रू. 900.00 लाख, सड़को का डामरीकरण/सीमेन्ट काक्रीट/ब्लॉक आदि रू. 4300.00 लाख, पूलियाओं के चौड़ीकरण हेतु रू. 100.00 लाख, शहर नाला नालीयों का निर्माण रू. 300.00 लाख, पानी की टंकी एवं सम्पवेल निर्माण रू. 100.00 लाख, अमृत योजना दुसरे चरण शहर में नवीन पाईप लाइ्रन नवीन मोटरे आदि हेतु रू. 6000.00 लाख, नवीन वाहन खरीदी हेतु रू. 2170.00 लाख, कार्यालय में नवीन फर्नीचर निर्माण रू. 31.00 लाख, फूड़ झोन निर्माण रू. 300.00 लाख, झील संरक्षण अमृत सागर तालाब का उन्नयन रू. 50.00 लाख, शहर एवं चौराहा सौन्द्रर्यीकरण रू. 500.00 लाख, कायाकल्प योजनान्तर्गत रोड़ निर्माण रू. 800.00 लाख, पूराने कचरे का निष्पादन रू. 1700.00 लाख, अवैध कालोनियों में विकास कार्य रू. 200.00 लाख, स0महापौर, अध्यक्ष एवं पार्षदगणों को बढे हुए मानदेय के भुगतान रू. 100.00 लाख।
नवीन योजनाओं के तहत जेण्डर आधारित (महिला) की सुरक्षा, परिवहन, शौचालय, हितग्राही मुलक योजनाओं हेतु रू. 100.00 लाख, सिंहस्थ मद अनुदान प्राप्ति पर नवीन निर्माण रू. 700.00 लाख, मछली मार्केट/स्लाटर हाउस हेतु रू. 300.00 लाख, गीताभवन रैनबसेरा हेतु रू. 200.00 लाख, कालिका माता लोक हेतु रू. 200.00 लाख, रिजनल पार्क हेतु रू. 200.00 लाख, सोलर पेनल की स्िापना हेतु रू. 2500.00 लाख, मास्टर प्लान में रोड़ चौडीकरण हेतु रू. 1500.00 लाख, नवनिर्मित फोर लेन रोड़ के मध्य लाईटिंग रू. 100.00 लाख, राष्ट्रीय त्यौहार पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु रू. 15.00 लाख इसके अतिरिक्त अन्य अनावश्यक व्ययों में कटौती एवं आवश्यक व्ययां में वृद्धि कर बजट आय व्यय पत्रक मदों में संशोधन के उपरांत अर्थ वर्ष 2025-26 के आय-व्यय पत्रक (बजट) जिसमें विभिन्न मदों की आय रूपये 42800.00 लाख (रू.चार अरब अटठावीस करोड़) व इसके विरूद्ध व्यय रूपये रू.42743.30 लाख (रू.चार अरब सताईस करोड़ तिरयालीस लाख तीस हजार) इस प्रकार रूपये 56.70 लाख (रू. छप्पन लाख सित्त्तर हजार) की बचत अनुमानित कि गई है।
निगम बढ़ा कर लेगा दलाली
राजस्व विभाग में नामांतरण एवं भवन निर्माण (एनओसी) राषि को यथावत रखते हुए जनरल दलाली शुल्क राशि रूपये 1000/- निर्धारण किये जाने एवं उक्त शुल्क दिनांक 01/04/2025 से लागु किये जाने संबंधी प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया तथा शासन द्वारा प्रदत्त निर्देशो के क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु संत्तिकर का पुनः निर्धारण कलेक्टर गाईड लाईन में हुई वृद्धि अनुसार समस्त कॉलोनियों को 6 परिक्षेत्रों में विभक्त किया जाकर समस्त परिक्षेत्र भूमि, भवन, आरसीसी, आरबीसी एवं पक्के भवनों (आवासीय/व्यावसायिक) के संपत्तिकर की दरों में 10 प्रतिशत की वृद्धि किये जाने के प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया।
शुरू होगी वाहनों हेतु पेड़ पार्किंग
नगर निगम रतलाम द्वारा चयनित टु व्हीलर एवं फोर व्हीलर वाहन पार्किग स्थान शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय गेट के पास (कालेज रोड), आजाद चौक (चांदनी चौक), डाँ देवीसिंग की गली, धनजीबाई का नोहरा, काशीनाथ का नोहरा, लाडली लक्ष्मी लोकेन्द्र भवन के सामने, सर्वानन्द मार्केट के पीछे तथा आबकारी कम्पाउण्ड पर पेड पार्किग बनाये जाकर दुपहिया वाहने से रूपये 10 दो घन्टे एवं चार पहिया वाहनो से रूपये 25 सिर्फ दो घन्टे के मान से प्रतिदिन शुल्क वसुल किये जाने एवं रात्रि में पार्किग स्थल पर दुपहिया वाहन के रूपये 25/-एवं चार पहिया वाहन से रूपये 100/- लिये जाने के प्रस्ताव पर चर्चा कर पार्किंग स्थलों में संषोधन किया जाकर प्रस्ताव पारित किया गया।
पोलोग्राउंड के पास खुली भूमि का बढ़ेगा शुल्क
इसके अलावा अम्बेडकर मांगलिक भवन पोलोग्राउण्ड के पास जो खुली भूमि को निजी संस्थाओ से मेले व अन्य कार्यक्रम के लिये 1 रूपये 30 पैसे वर्ग फिट के मान से शुल्क लिया जाता है जो कि काफी कम होकर 2023 से लिया जा रहा है इसमें वृद्धि करते हुए 2 रूपये वर्ग फिट शुल्क लिये जाने का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया।
आगामी 30 वर्षों हेतु बढ़ेगी लीज
आयोजित सम्मेलन में नगर निगम की विकास शाखा द्वारा नगर सुधार न्यास की विभिन्न योजनाओं में 30 वर्ष की लीज पर आवंटित भूखण्ड/भवन की लीज समाप्त हो जाने से मप्र नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 (क्रमांक 23 सन 1956) की धारा 80 मध्यप्रदेश नगर पालिका अचल संपत्ति का अंतरण नियम 2016) एवं संशोधन दिनांक 04 मई 2021 के प्रावधानों के अंतर्गत आगामी 30 वर्षों हेतु बढ़ाये जाने के प्रस्ताव सर्वानुमति से पारित किया गया।